सीएम मान के गांव में शिक्षकों का प्रदर्शन
- फोटो : संवाद
लंबित मांगों को लेकर लंबे समय से संघर्ष कर रहे पंजाब के शिक्षकों ने सोमवार को पुलिस और प्रशासन के हाथ-पांव फुला दिए। स्टेट नेता हरजिंदर सिंह, रमेश्वर राय और दविंदर सिंह के नेतृत्व में कड़े सुरक्षा प्रबंधों को धता बताते हुए प्रदर्शनकारी शिक्षक मुख्यमंत्री के पैतृक गांव सतौज स्थित उनके आवास के बिल्कुल सामने जा पहुंचे। आवास के बाहर जोरदार नारेबाजी और घेराव की कोशिश के बीच माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने बल का प्रयोग किया।
प्रदर्शन का विवरण
जानकारी के अनुसार, शिक्षक संगठनों के नेता और कार्यकर्ता अपनी मांगों को मनवाने के लिए सरकार के खिलाफ लगातार रोष प्रदर्शन कर रहे हैं। विरोध की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सतौज गांव और मुख्यमंत्री के आवास की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर भारी पुलिस बल तैनात कर मजबूत बैरिकेडिंग की थी। बावजूद इसके, प्रदर्शनकारी पुलिस को चकमा देकर आगे बढ़ने में कामयाब रहे।