पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग।
- फोटो : अमर उजाला
केंद्र और राज्य सरकारों ने पंजाब को निराश किया: वड़िंग
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा है कि केंद्र और राज्य दोनों सरकारों ने पंजाब के लोगों को इस भयानक प्राकृतिक आपदा के दौरान बुरी तरह निराश किया है। जिससे हजारों करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
पंजाब कांग्रेस भवन में प्रेसवार्ता के दौरान वड़िंग ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा घोषित 1600 करोड़ रुपये का बाढ़ राहत पैकेज राज्य में हुए भारी नुकसान की तुलना में बहुत कम है। पंजाब सरकार के पास आपदा कोष में फंड नहीं बचा है, क्योंकि इसका इस्तेमाल किसी अन्य कार्यों में किया जा चुका है। वड़िंग ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड ने पानी तब छोड़ा जब जलस्तर 1678 फीट तक पहुंच गया था। अगर पिछले इतिहास और मौसम पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए बांध में पानी को ठीक से नियंत्रित किया गया होता, तो पंजाब में नुकसान लगभग 25 प्रतिशत होता।
मान्य वर्षा के लगभग 105 प्रतिशत के पूर्वानुमान को देखते हुए, बांध में पानी को धीरे-धीरे और चरणबद्ध तरीके से बहुत पहले छोड़ा जा सकता था। कांग्रेस ने ब्लॉक स्तर तक अलग-अलग क्षेत्रों के लिए टीमें बनाई हैं, जो गेहूं की आखिरी बुवाई तक मैदान पर किसानों के साथ रहेंगी। मिट्टी की नमी के कारण गेहूं की बुवाई में कुछ समस्याएं आ सकती हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों की हर संभव मदद करने की कोशिश करेगी। इस दौरान कांग्रेसी नेता डॉ. अमर सिंह, सुख सरकारिया, तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, गुरकीरत कोटली और कैप्टन संदीप संधू भी मौजूद रहे।