कपूरथला में मार्कफेड के आसपास के मोहल्लों में शनिवार को एक आवारा कुत्ते ने आतंक मचा दिया। काले रंग के कुत्ते ने छह बच्चों समेत करीब 15 लोगों पर हमला कर उन्हें काटकर घायल कर दिया।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सभी घायलों को उनके परिजनों ने इलाज के लिए सिविल अस्पताल कपूरथला पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है।
सिविल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में तैनात ड्यूटी डॉक्टर जशन और डॉक्टर युक्ता ने बताया कि कुत्ते के हमले में घायल होकर कई लोग अस्पताल पहुंचे हैं। घायलों में रीना देवी पत्नी राम बाऊ नाथ, तीन वर्षीय वरुणजोत सिंह पुत्र हरदीप सिंह, चार वर्षीय सत्यम, आठ वर्षीय अभीनूर सिंह, साढ़े तीन वर्षीय रेहू कुमारी और नौ वर्षीय मोनू कुमार शामिल हैं।
इसके अलावा रजिंदर कौर, संजीव कुमार, धर्मिंदर कुमार, अरविंदर माथो, रजिंदर कौर पत्नी बलविंदर सिंह, रजिंदर कौर पत्नी हरजिंदर सिंह, राजविंदर कौर और मुत्ती देवी समेत अन्य लोग भी कुत्ते के हमले में घायल हुए हैं।
लोगों ने प्रशासन से की आवारा कुत्तों पर लगाम लगाने की मांग
घटना के बाद शहरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि कपूरथला शहर में बढ़ रही आवारा कुत्तों की समस्या पर जल्द नियंत्रण किया जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो किसी दिन बड़ी घटना हो सकती है।
नगर निगम की टीम कुत्ते को पकड़ने में जुटी
नगर निगम के एसओ तरलोचन सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आ गया है। आवारा कुत्ते को पकड़ने के लिए टीम भेज दी गई है और उसे काबू करने के प्रयास किए जा रहे हैं।