फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंजाब कांग्रेस में बगावत: 'रूठों को मना लूंगा', वड़िंग का बड़ा बयान, चन्नी को लेकर कही ये बात

Wed, 08 Jul 2026 08:58 PM IST
शाहिल शर्मा अमर उजाला ब्यूरो, चंडीगढ़

सार

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा, कांग्रेस में कोई फूट नहीं है। सभी वरिष्ठ नेता मुझसे काबिल हैं। जो नेता नाराज हैं, मैं उन्हें मना लूंगा।
विज्ञापन
चरणजीत चन्नी और अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पंजाब कांग्रेस में बगावत के बीच हाईकमान से चर्चा करने के बाद प्रदेश प्रभारी भूपेश बघेल ने साफ कर दिया है कि मौजूदा प्रदेशाध्यक्ष और गठित की गई चुनावी समिति के संदर्भ में जो फैसला हो चुका है, उस पर हाईकमान कोई पुनर्विचार नहीं करेगा। उधर, पूर्व सीएम चन्नी के तेवर भी अब ढीले पड़ने लगे हैं। उन्हें हाईकमान से पहले प्रदेश प्रभारी से मिलना ही पड़ेगा।
विज्ञापन


बघेल ने कार्यकर्ताओं से की बातचीत
उधर, बघेल ने अपने चंडीगढ़ दौरे के तीसरे दिन भी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ कई नेताओं से बातचीत की। इन बैठकों के बाद प्रभारी बघेल ने साफ कहा, प्रदेशाध्यक्ष बदलना कोई गुड्डा-गुड्डियों का खेल नहीं है। हाईकमान के फैसले से किसी को नाराजगी नहीं है। हाईकमान ने उन्हें यहां नेताओं की बात सुनने के लिए भेजा है। कोई भी प्रदेश मुख्यालय में आकर उनसे मिल सकता है। सभी बात सुनी जाएगी मगर हाईकमान के फैसले पर कोई पुनर्विचार नहीं होगा।

बघेल ने कहा, पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी से उनकी फोन पर बात हुई है। उन्होंने बताया है कि वे दो-तीन दिन चंडीगढ़ से बाहर हैं। वे दो दिन और इंतजार करेंगे, चन्नी बैठकों में नहीं आते तो वे खुद चन्नी के घर मिलने चले जाएंगे। उनके अनुसार वे प्रदेश कार्यवाहक अध्यक्षों, जिला प्रधानों, हलका समन्वयकों के साथ बैठकें कर चुके हैं, किसी ने प्रदेशाध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के नेतृत्व का विरोध नहीं किया है। सभी ने समर्थन दिया है। बार-बार हाईकमान के फैसले नहीं बदले जाते। हाईकमान ने जो फैसला ले लिया है, उसमें कोई परिवर्तन नहीं होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

उधर, पार्टी सूत्र बताते हैं कि हाईकमान को पूर्व सीएम चन्नी से मिलने में कोई गुरेज नहीं है मगर पार्टी अनुशासन बनाए रखना चाहती है। लिहाजा चन्नी को यह संदेश दे दिया गया है कि वे पहले हाईकमान द्वारा चंडीगढ़ भेजे गए प्रभारी बघेल से मिलकर उनके समक्ष अपनी बात रखें। उधर, इस पूरे घटनाक्रम के बाद पूर्व सीएम चन्नी ने कहा, राहुल गांधी उनके नेता हैं और वे उनसे दिल से प्यार करते हैं। राहुल उनके नेता हैं और हमेशा रहेंगे। हाईकमान से उनका कोई मतभेद नहीं है। मतभेद हाईकमान के फैसले पर है।

पंजाब में चुनाव जीतने के लिए पार्टी जो रणनीति बनाएगी, हम सभी मजबूती के साथ आगे बढ़ेंगे और चुनाव लड़ेंगे। उधर, प्रभारी बघेल भी नाराज नेताओं के घर जाकर नाश्ते, लंच और डिनर के दौरान उनके गिले-शिकवे दूर कर रहे हैं। बघेल ने दावा किया है कि जल्द ही पंजाब कांग्रेस एकजुटता के साथ दिखाई देगी।

वरिष्ठों के जूते सिर पर रखकर मना लूंगा : वड़िंग 
प्रदेशाध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा, कांग्रेस में कोई फूट नहीं है। सभी वरिष्ठ नेता मुझसे काबिल हैं। जो नेता नाराज हैं, मैं उन्हें मना लूंगा, जो वरिष्ठ नेता ज्यादा  नाराज हैं, उनके जूते अपने सिर पर रख उन्हें मना लूंगा। वड़िंग ने कहा, राहुल गांधी ने ही उन्हें सबकुछ दिया है। आज राहुल गांधी कह दें कि उन्हें अब चुनाव नहीं लड़ना है, सक्रिय राजनीति नहीं करनी है, तो भी वे कांग्रेस और राहुल गांधी जिंदाबाद ही करेंगे। उनका किसी से कोई मनमुटाव नहीं है।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें