कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर वाटर कैनन का प्रयोग
- फोटो : अमर उजाला
मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ पंजाब कांग्रेस ने शुक्रवार को चंडीगढ़ के सेक्टर-17 में प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की अगुवाई में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता चुनाव आयोग कार्यालय की ओर बढ़े।
सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा, परगट सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता भी प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण को लेकर सवाल उठाए। हालांकि पार्टी प्रभारी सचिन पायलट और पूर्व सीएम चन्नी मार्च में नहीं पहुंचे।
चुनाव आयोग कार्यालय की ओर बढ़े कांग्रेसियों को पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इसके बाद मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला बैरिकेडिंग के पास ही जलाया गया। आगे बढ़ने को लेकर पुलिस और कांग्रेसी वर्करों के बीच धक्का मुक्की शुरू हुई। पुलिस को धकेलते हुए कार्यकर्ता बैरिकेडिंग के ऊपर चढ़ गए। इसके बाद पुलिस ने वाटर कैनन का प्रयोग किया। मुख्य चुनाव आयुक्त का जलता हुआ पुतला भी पानी की बौछारों से बुझा दिया गया।
कांग्रेस पहले ही पंजाब में विधानसभा चुनाव तक एसआईआर की प्रक्रिया रोकने की मांग कर चुकी है। वड़िंग का कहना है कि चुनाव मौजूदा मतदाता सूचियों के आधार पर कराए जाएं और इस दौरान किसी वास्तविक मतदाता का नाम न काटा जाए।
प्रदर्शन का एक प्रमुख मुद्दा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर भी रहा। कांग्रेस ने उन पर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने के आरोप लगाते हुए पद से हटाने, एफआईआर दर्ज करने और कार्रवाई की मांग रखी है।