पंजाब कांग्रेस को मजबूत चेहरों की तलाश
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पंजाब कांग्रेस में टिकट वितरण को लेकर हलचल तेज है। इस दौरान कांग्रेस हाईकमान को दिग्गजों को साधने और नए चेहरों को मौका देने की दोहरी चुनौती से गुजरना होगा। टिकट के दावेदारों की फेहरिस्त लंबी है।
इतना ही नहीं, कई बड़े नेता अपने परिजनों और करीबियों के लिए भी पैरवी कर रहे हैं। कुछ सांसद तक विधानसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं। कुल 117 में से पार्टी करीब 40 सीटों पर मजबूत चेहरों को तलाश रही है।
टिकट वितरण के लिए कांग्रेस ने तीन सदस्यीय स्क्रीनिंग कमेटी बनाई है। इसकी अध्यक्षता महाराष्ट्र के एआईसीसी प्रभारी डॉ. सिरिवेल्ला प्रसाद करेंगे। सचिन सावंत और निवेदित अल्वा इसके सदस्य हैं। कमेटी सभी 117 सीटों पर संभावित उम्मीदवारों के नामों की छंटनी करेगी। स्थानीय फीडबैक और सर्वे के आधार पर नामों की सिफारिश केंद्रीय नेतृत्व को भेजेगी।
इसी क्रम में पंजाब कांग्रेस की 70 से अधिक सीटों पर उम्मीदवारों के चयन के लिए फीडबैक सर्वेक्षण पूरा हो चुका है। यह सर्वेक्षण पार्टी हाईकमान निजी एजेंसियों से करवा रहा है। हर सीट पर दावेदारों के नाम संबंधित कमेटी के पास पहुंच चुके हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस के 16 विधायकों के साथ-साथ कुछ अन्य विधायकों और सांसदों ने अपने परिजनों और करीबियों को भी टिकट देने की सिफारिश की है।
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेसी नेता राणा गुरजीत सिंह, तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, सुखजिंदर सिंह रंधावा, चरणजीत सिंह चन्नी, मदन लाल जलालपुर और अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग अपने परिजनों के लिए भी टिकट मांग रहे हैं। इनके अलावा सांसद राजा वड़िंग, चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा और गुरजीत सिंह औजला विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा भी जाहिर कर चुके हैं।
इस पैमाने पर उतरना होगा खरा
टिकट के दावेदारों में से कौन जिताऊ चेहरा है, किसका व्यक्तित्व दमदार है, स्थानीय जनता से उनका जुड़ाव कैसा है और मतदाताओं में उनकी स्वीकार्यता कितनी है, इन सभी पहलुओं पर विचार किया जा रहा है। इसके अलावा क्षेत्र में संगठनात्मक सक्रियता, कार्यकर्ताओं से जुड़ाव और दावेदार से जुड़े विवादों को भी परखा जा रहा है। एजेंसियों की रिपोर्ट के बाद ही स्क्रीनिंग कमेटी उम्मीदवारों के नामों की सिफारिश करेगी। इसके अलावा कुल 117 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस ने करीब 40 सीटें ऐसी भी चिह्नित की हैं, जहां पार्टी मुकाबले को थोड़ा मुश्किल मान रही है। ऐसे में इन सीटों पर दमदार उम्मीदवारों की तलाश पार्टी के लिए चुनौती से कम नहीं होगी।
नजरअंदाज हो सकती है उम्र
कांग्रेस हाईकमान पंजाब में 50 फीसदी टिकट युवा उम्मीदवारों को देना चाहती है। इसके लिए पंजाब युवा कांग्रेस के नेता भी पूरा जोर लगा रहे हैं। पंजाब के प्रभारी सचिन पायलट और प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह भी दावा कर चुके हैं कि इस बार पार्टी युवाओं को जरूर मौका देगी। हालांकि, इन सभी दावेदारों को एजेंसियों के सर्वे में खरा उतरना होगा। सूत्रों के मुताबिक, इस बार पार्टी का फोकस जीत पर रहेगा। लिहाजा, विशेष परिस्थितियों में कई सीटों पर उम्र को नजरअंदाज किया जा सकता है।
इन सीटों पर ज्यादा मंथन
प्रदेश में कई सीटें ऐसी हैं, जहां या तो दावेदारों की संख्या ज्यादा है या फिर जिताऊ चेहरे कम हैं। इन सीटों पर नेताओं की ओर से खासा मंथन किया जा रहा है। कुछ सीटों को पार्टी चुनौतीपूर्ण भी मान रही है। इनमें जालंधर वेस्ट, फिल्लौर, होशियारपुर, चब्बेवाल, बटाला, मजीठा, अटारी, तरनतारन, बरनाला, मानसा, बाघापुराना, अबोहर, दिरबा, भदौड़, मेहल कलां और शुतराणा आदि शामिल हैं।
राहुल मेरी सिफारिशों पर भी करेंगे विचार : वड़िंग
विधानसभा चुनाव में टिकट वितरण के संदर्भ में सांसद राजा वड़िंग ने दावा किया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी उनकी सिफारिशों पर भी विचार करेंगे। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम फैसला राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पंजाब मामलों के प्रभारी सचिन पायलट ही करेंगे।