खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह डिब्रूगढ़ जेल से बाहर आ गए हैं। पंजाब पुलिस उन्हें कड़ी सुरक्षा में असम से लेकर दिल्ली पहुंचेगी। दिल्ली से फिर सांसद शनिवार को पंजाब आएंगे और अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।
अमृतपाल के पिता तरसेम सिंह ने बताया कि अमृतपाल सिंह की दादी का 8 नवंबर को निधन हो गया था। अमृतपाल को अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए 21 नवंबर को दोपहर 12 से तीन बजे के बीच का समय दिया गया है। हम सरकार से अपील करते हैं कि उन्हें प्रेस से बात करने की भी अनुमति दी जाए।
800 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा
सांसद अमृतपाल सिंह की दादी के अंतिम संस्कार के लिए पंजाब पुलिस ने सुरक्षा का खाका तैयार किया है। इस दौरान उनके पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा में करीब 800 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
पुलिस अमृतपाल सिंह के गांव पहुंचने के मद्देनजर विशेष सुरक्षा इंतजाम कर रही है। डिब्रूगढ़ जेल से अमृतपाल को अंतिम संस्कार में शामिल करवाने के लिए असम से पंजाब लाया जा रहा है। उन्हें लाने और वापस ले जाने पर करीब 10 लाख रुपये खर्च होंगे, यह राशि परिवार ने पंजाब सरकार के पास जमा करवाई है।
अकाली दल वारिस पंजाब दे के प्रवक्ता शमशेर सिंह पदरी के अनुसार, 7.63 लाख रुपये अमृतपाल और पांच पुलिसकर्मियों की हवाई यात्रा पर खर्च होंगे। बाकी राशि पुलिस सुरक्षा, खानपान और अन्य व्यवस्थाओं पर खर्च की जाएगी। परिवार द्वारा भुगतान के बाद पांच पुलिसकर्मियों की टीम अमृतपाल को लेने डिब्रूगढ़ पहुंची। अंतिम संस्कार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अमृतसर देहाती पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने जल्लूपुर खेड़ा का दौरा किया।
पुलिस अधीक्षक कंवलप्रीत सिंह चाहल और पुलिस उपाधीक्षक बाबा बकाला सुखपाल सिंह अमृतपाल के चाचा सुखचैन सिंह से मिले। इस दौरान अंतिम संस्कार से जुड़े प्रबंधों और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा हुई। पुलिस अधीक्षक चाहल ने बताया कि हालात को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया जा सकता है। चहल ने कहा कि हम परिवार के सदस्यों और संबंधित लोगों की भावनाओं का ध्यान रखेंगे। पारंपरिक रीति-रिवाजों का सम्मान करते हुए कानून का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। हमने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अदालत के निर्देशों का पालन कराने और लागू पाबंदियों को कायम रखने के लिए जरूरी इंतजाम किए हैं।