सीएम मान ने कैबिनेट में लिए फैसलों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि हाउसिंग डिपार्टमेंट की ओर से कुछ प्लॉट आवंटित किए गए थे, उन पर समय से निर्माण नहीं किया गया। अब ऐसे प्लॉट को इंडस्ट्री लगाने के लिए ट्रांसफर की जाएंगी। इस नई पहल के तहत फरीदकोट में आवास निर्माण विभाग की 135 एकड़ जमीन उद्योग विभाग को हस्तांतरित करने को मंजूरी दी गई है। रंगला पंजाब के तहत के अब ऐसा फंड तैयार किया जा रहा है, ताकि विदेश में बैठे पंजाबी अपने गांव व हलके के विकास के लिए इस फंड में डोनेशन कर सकेंगे। उनके गांव या ब्लॉक में अस्पताल, स्कूल, डिस्पेंसरी या अन्य जन सुविधाओं के ढांचे के निर्माण के लिए यह फंड उस पर खर्च होगा। इस फंड में डोनेशन करने वालों को इनकम टैक्स में छूट दिए जाने के लिए भी राज्य ने केंद्र सरकार को इस संदर्भ में चिट्ठी लिखी है।
फरिश्ते का विस्तार, आतंकवाद, वॉर और पूर्व सैनिक पीड़ितों को मुफ्त इलाज
कैबिनेट ने फरिश्ते योजना का विस्तार किया है। विस्तार के तहत अब आतंकवाद, वॉर और पूर्व सैनिकों के घायल या दुर्घटना के दौरान निशुल्क इलाज मुहैया कराया जाएगा। यह योजना सड़क दुर्घटनाओं तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसमें युद्ध और आतंकी हमलों में घायल हुए नागरिकों को भी शामिल किया गया है। वहीं सीएम मान ने बताया कि गैर कानूनी माइनिंग पर रोक लगाने के लिए आईआईटी रोपड़ के साथ एमओयू साइन किया गया है। आईआईटी रोपड़ में एक्सीलेंस सेंटर तैयार होगा, जिसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जोड़कर सोनार और लिडार जैसी अत्याधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल कर अवैध खनन को रोका जाएगा।
प्रदेश की 13 जेलों में 5जी जैमर लगाए जाएंगे
सीएम मान ने कहा कि प्रदेश के 13 जेलों में 5जी जैमर लगाए जाएंगे। जेल के अंदर से मोबाइल फोन के जरिए संपर्क कर टारगेट किलिंग, ड्रग्स तस्करी और आतंकवाद को बढ़ावा देने की घटनाओं पर अंकुश लगाया जाएगा। इन 13 जेलों में गोइंदवाल साहिब, पटियाला, बठिंडा, अमृतसर, संगरूर, फरीदकोट, मुक्तसर व अन्य जेलों में इंस्टाॅल किए जाएंगे। सीएम ने कहा कि कई जेल रिहायशी इलाके के इर्द गिर्द पड़ती हैं, ऐसे में यहां आम जनता को नेटवर्क की दिक्कत होती थी, अब एक तय रेडियम में 5 जी जैमर काम करेगा। इससे रिहायशी इलाके पर भी असर नहीं पड़ेगा।