सवा दो लाख करोड़ का बजट पेश करेंगे हरपाल चीमा
2024-25 के लिए सरकार ने 2,04,918 करोड़ का बजट पेश किया था। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए मान सरकार लगभग 2.15 लाख करोड़ का बजट पेश करेगी। बजट में करीब पांच फीसदी की बढ़ोतरी देखी जा सकती है। बजट में स्वास्थ्य के बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने के अलावा मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर में नए आयाम स्थापित करना, नए कारोबार स्थापित कर अगले दो साल में 60 हजार नई नौकरियां युवाओं को देना और शिक्षा प्रणाली को शिखर तक पहुंचाने पर केंद्रित होगा।
इन मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में विपक्ष
विपक्षी दल खासतौर पर नेता प्रतिपक्ष सरकार को उसके किए वादों पर घेरने की तैयारी में हैं। बजट से प्रदेश की करीब एक करोड़ महिलाओं को सबसे बड़ी उम्मीद है। 2022 में सत्ता में आने से पहले मान सरकार ने महिलाओं को एक हजार रुपये प्रति माह आर्थिक मदद देने की घोषणा की थी। सरकार अपना तीन साल का कार्यकाल पूरा कर चुकी है, लेकिन अब तक महिलाओं से किया वादा पूरा नहीं हुआ। ऐसे में इस बार भी बजट में अगर महिलाओं से किया वादा पूरा नहीं हुआ तो सरकार विपक्ष के निशाने पर होगी।
एमएसपी की कानूनी गारंटी की मांग कर रहे किसानों को शंभू और खनौरी बॉर्डर से हटा दिया गया है। पंजाब पुलिस ने किसानों को हिरासत में भी लिया। सरकार के इस एक्शन के बाद अगर किसानों के लिए मान सरकार कोई बड़ी घोषणा या राहत नहीं देती है तो किसानी मुद्दे पर भी सरकार का बजट हंगामेदार रहेगा। सरकार पर लगातार बढ़ते कर्ज और प्रदेश की वित्तीय स्थिति को सुधारने के लिए अगर कोई रोडमैप पेश नहीं किया जाता है तो विपक्षी धीर सरकार को घरेगी।