आरोपियों ने वीडियो काॅल कर मांगी थी माफी
हालांकि, आरोपी पुलिस अधिकारियों ने बाद में उनकी पत्नी को वीडियो कॉल कर माफी भी मांगी है। इससे साफ है कि आरोपी पुलिस अधिकारी खुद अपना गुनाह कबूल कर लिया है। मामले में पंजाब पुलिस के अधिकारी और कर्मी ही आरोपी हैं तो ऐसे में इस पूरे मामले की पंजाब पुलिस से जांच नहीं करवाई जा सकती, क्योंकि वो निष्पक्ष जांच कर ही नहीं सकती। लिहाजा इस पूरे मामले को सीबीआई जांच की मांग की गई और अपने और अपने परिवार की सुरक्षा की भी मांग की गई है।
कर्नल के मामले को पुलिस बनाम सेना न बनाया जाए: डीजीपी
पंजाब डीजीपी गौरव यादव ने कहा है कि पटियाला में कर्नल से मारपीट मामले में दोषियों पर कार्रवाई जरूर की जाएगी। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। उन्हें ड्यूटी से बर्खास्त कर दिया गया है। मामले में एसआईटी गठित कर दी है, जिसकी जांच पूरी होने पर रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। डीजीपी ने कर्नल से मारपीट के मामले को पुलिस बनाम सेना नहीं बनाने की अपील की। डीजीपी ने कहा कि पुलिस भी भारतीय सेना का सम्मान करती है।