फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जलालाबाद में सजने लगा 2027 का रण: सियासी हलचल तेज, विकास के दावों और जनता की समस्याओं पर घमासान

Mon, 21 Sep 2026 08:52 AM IST
Nivedita अश्विनी काठपाल, संवाद, जलालाबाद

सार

जलालाबाद हलके में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली एक प्रमुख मुद्दा बनी हुई है। सीवरेज व्यवस्था का बुरा हाल है, जिससे कई गलियों में गंदा पानी जमा रहता है और लोगों को परेशानी होती है। पीने का शुद्ध पानी भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
विज्ञापन
जलालाबाद विधानसभा सीट - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

फिरोजपुर जिले के जलालाबाद हलके में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। आम आदमी पार्टी, कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल बादल और भाजपा के नेता अपनी सक्रियता बढ़ा रहे हैं। चारों पार्टियों में कड़ा मुकाबला होने की संभावना है। सभी पार्टियों के नेता लोगों से संपर्क साध रहे हैं, वहीं आप विधायक जगदीप कंबोज गोल्डी विकास कार्यों को पूरा कराने पर जोर दे रहे हैं। सभी पार्टियां जिताऊ उम्मीदवार तलाश रहीं हैं। 

विज्ञापन


शिरोमणि अकाली दल की ओर से सतिंदरजीत सिंह मंटा और डॉक्टर राज सिंह डिबीपुरा प्रमुख दावेदारों में शामिल हैं। कांग्रेस पार्टी से पूर्व विधायक रमिंदर सिंह आवला, पूर्व मंत्री हंसराज जोसन और राज बख्श कंबोज के नाम चर्चा में हैं। आम आदमी पार्टी की ओर से मौजूदा विधायक जगदीप कंबोज गोल्डी प्रमुख दावेदार हैं। हालांकि, पूर्व सुधार ट्रस्ट अध्यक्ष मोहिंदर सिंह कचुरा भी टिकट के दावेदार बताए जा रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी की ओर से जिला अध्यक्ष सुखजिंदर सिंह काका कंबोज और पूरन सिंह मुजेदिया प्रमुख दावेदारों में शामिल हैं।

चुनावी इतिहास
वर्ष 2022 के चुनाव में आम आदमी पार्टी के जगदीप कंबोज गोल्डी ने 91,455 वोट हासिल कर जीत दर्ज की थी। उन्हें 52.95 फीसदी वोट मिले थे। उन्होंने शिरोमणि अकाली दल के सुखबीर सिंह बादल को 30,930 वोटों के बड़े अंतर से हराया था। बादल को 60,525 वोट मिले थे। कांग्रेस के मोहन सिंह को 8,771 और भाजपा के पूरन चंद को 5,418 वोट मिले थे। 2022 में कुल 2,13,416 पंजीकृत मतदाताओं में से 1,70,107 वोट पड़े थे, जो करीब 79.71 फीसदी मतदान था।
विज्ञापन


इससे पहले, 2017 में सुखबीर सिंह बादल ने अपनी सीट बरकरार रखी थी। उन्हें 75,271 वोट मिले थे। उन्होंने आम आदमी पार्टी के भगवंत मान को 56,771 वोटों के मुकाबले 18,500 वोटों के अंतर से हराया था। कांग्रेस के रवनीत सिंह बिट्टू को 31,539 वोट मिले थे। 2012 के विधानसभा चुनाव में भी सुखबीर सिंह बादल ने 80,647 वोट हासिल कर 50,246 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी। उस चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार हंस राज जोसन दूसरे स्थान पर रहे थे। 

विकास कार्यों पर विधायक और विपक्षी आमने-सामने
विधायक जगदीप कंबोज गोल्डी ने क्षेत्र में 13.48 करोड़ रुपये के शहीद ऊधम सिंह मार्ग बाईपास और 42 करोड़ रुपये के जल शोधन संयंत्र सहित कई विकास कार्यों का दावा किया है। उन्होंने नई तहसील, सिविल अस्पताल का उन्नयन, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और मोहल्ला क्लीनिक स्थापित करने की बात कही। गोल्डी के अनुसार, 326 किलोमीटर नई सड़कें, 110 करोड़ रुपये के नए खाल और 10 करोड़ रुपये के मौजम ड्रेन पुल भी बनाए गए हैं।

इसके अलावा, 40 खेल स्टेडियम, 20 जिम, पुस्तकालय और पार्क भी शामिल हैं। हालांकि, अकाली दल बादल के जिला अध्यक्ष अशोक अनेजा ने इन दावों को खारिज किया है। अनेजा ने कहा कि हलके में कोई विकास कार्य नहीं हुआ है, बल्कि आप ने केवल प्रचार किया है। उन्होंने फंड की कमी, अधूरे पड़े कार्यों और सड़कों की खराब हालत का आरोप लगाया।

जनता की परेशानियां
जलालाबाद हलके में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली एक प्रमुख मुद्दा बनी हुई है। सीवरेज व्यवस्था का बुरा हाल है, जिससे कई गलियों में गंदा पानी जमा रहता है और लोगों को परेशानी होती है। पीने का शुद्ध पानी भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। हलके से गुजरने वाली जीटी रोड लंबे समय से खस्ताहाल है, जिसकी मरम्मत न होने से लोग परेशान हैं। सड़क की बदहाली के विरोध में लोगों ने धान की बुवाई कर रोष प्रदर्शन भी किया था। इसके अतिरिक्त, सीमावर्ती गांवों में सड़कों की हालत बेहद खराब है। बारिश के दौरान इन सड़कों पर कीचड़ जमा हो जाता है और कई जगह सड़कें तालाब का रूप ले लेती हैं, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतें आती हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें