चंडीगढ़ में आज अनोखा लंगर लगेगा। अमृतसर निवासी राकेश त्रेहन, जिन्हें राजा डी किंग के नाम से भी जाना जाता है, लोगों को मुफ्त पेट्रोल उपलब्ध कराएंगे। यह सेवा बिटकॉइन के कारोबार से होने वाले मुनाफे के एक हिस्से से की जा रही है। हालांकि, उन्होंने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि मंगलवार को चंडीगढ़ में पेट्रोल का लंगर किस स्थान पर लगाया जाएगा। लंगर को लेकर उनका एक वीडियो सामने आया है।
खुद को माता का भक्त बताते हैं राकेश
राकेश त्रेहन खुद को माता का भक्त बताते हैं। उनका कहना है कि महामाई की कृपा से उन्हें जरूरतमंदों और आम लोगों की सेवा करने की प्रेरणा मिलती है। इसी सोच के तहत वह समय-समय पर अलग-अलग तरह के लंगर लगाते हैं। उनके पिता अमृतसर में कपड़े का कारोबार करते थे। राकेश वर्तमान में बिटकॉइन का कारोबार करते हैं और उनका कहना है कि मुनाफे का एक हिस्सा समाजसेवा में खर्च करते हैं।
पेट्रोल के बाद आईफोन का लंगर
राकेश ने बताया कि पेट्रोल लंगर के बाद उनका अगला लक्ष्य आईफोन का लंगर लगाने का है। वह इससे पहले अमृतसर और चंडीगढ़ में कई तरह के लंगर लगा चुके हैं। बीते दिनों सेक्टर-8 में आयोजित लंगर में लोगों को 500-500 रुपये के नोट बांटे गए थे। इसके अलावा फास्ट फूड, मैकडॉनल्ड के बर्गर और कोल्ड ड्रिंक भी उपलब्ध कराई गई थी। अब मुफ्त पेट्रोल लंगर को लेकर लोगों में उत्सुकता है।