पंजाब विजिलेंस ने बरनाला में घूसखोर पटवारी और कानूनगो को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों ने बरनाला में ही एक महिला से 15 हजार की रिश्वत ली थी। मामले में एक महिला भी शामिल है, जिसकी विजिलेंस को तलाश है।
विजिलेंस ब्यूरो यूनिट बरनाला की टीम ने घूसखोर पटवारी और फील्ड कानूनगो को गिरफ्तार किया है। दोनों को एक महिला से 15 हजार रुपये रिश्वत के आरोप में पकड़ा है। इस घूसखोरी के खेल में बरनाला जिले के पटवारी और फील्ड कानूनगो के अलावा एक महिला भी शामिल है। महिला फील्ड कानूनगो की बहन है और अभी फरार है। उसे गिरफ्तार करने के लिए विजिलेंस विभाग की टीम छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार किए गए आरोपी पटवारी मंदर सिंह और संघेड़ा के फील्ड कानूनगो गुरचरण सिंह हैं।
विज्ञापन
विजिलेंस अधिकारियों ने बताया विजिलेंस को किरणजीत कौर धालीवाल निवासी ठुल्लीवाल ने आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी थी। महिला ने वजीदके कलां में तैनात पटवारी मंदर सिंह निवासी पट्टी औलख गांव ठीकरीवाल और फील्ड कानूनगो संघेड़ा गुरचरण सिंह निवासी गांव ठुल्लीवाल और महिंदर कौर निवासी गांव नंगल ने आपस में मिलीभगत कर शिकायतकर्ता महिला किरणजीत कौर धालीवाल से उसका काम करने के बदले पहले 10 हजार रुपये लिए। इसके बाद आरोपियों ने 5 हजार रुपये मांगे। ऐसे में कुल 15000 रुपये बतौर रिश्वत ली थी।
शिकायत की जांच करने के बाद विजिलेंस टीम ने बुधवार को पटवारी मंदर सिंह और गुरचरण सिंह फील्ड कानूनगो को गिरफ्तार किया है। वहीं महिला आरोपी महिंदर कौर की गिरफ्तारी अभी बाकी है। अधिकारियों ने कहा कि महिंदर कौर को भी जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। आरोपियों के खिलाफ थाना विजिलेंस ब्यूरो पटियाला रेंज पटियाला में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।