लुधियाना में बस स्टैंड पर सोमवार रात वर्कशॉप में आग लग गई। जानकारी के मुताबिक पटाखे की चिंगारी के बाद आग लगने की सूचना मिली है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
बस स्टैंड के अंदर बनी बसों की मरम्मत करने वाली वर्कशॉप में बने पुराने टायरों के गोदाम में रात करीब 10 बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम में रखे करीब 250 से 300 पुराने टायर जलकर राख हो गए।
विज्ञापन
आग की लपटें उठती देख मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची फायर गेट की पांच से 10 गाड़ियों ने आग पर काबू पाना शुरू कर दिया। करीब 20 दमकलकर्मियों ने वर्कशॉप कर्मचारियों के सहयोग से दो घंटे तक लगातार पानी की बौछारें कर रात सवा 12 बजे के आसपास आग पर पूरी तरह काबू पाया।
पेट्रोल पंप और बसें सुरक्षित, टला बड़ा खतरा
अधिकारियों के अनुसार, इस अग्निकांड में किसी भी तरह के जानी नुकसान की सूचना नहीं है। हालांकि भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि आग की लपटें परिसर में स्थित पेट्रोल पंप और वहां खड़ी सैकड़ों बसों तक नहीं पहुंच सकीं। अन्यथा हादसा बेहद भयावह हो सकता था।
विज्ञापन
आग के कारणों पर संशय, जांच शुरू
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हो पाई है। लीड फायरमैन रमन कुमार ने बताया कि रात सवा 10 बजे पटाखे की चिंगारी से आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। वहीं, लुधियाना डिपो के जनरल मैनेजर नवराज बातिश का कहना है कि प्राथमिक तौर पर पटाखे की चिंगारी को वजह माना जा रहा है, लेकिन दिवाली बीतने के कई दिनों बाद ऐसी घटना होना ये जांच का विषय है।