जरूरत पड़ी को पक्के तौर पर करेंगे ट्रेनों का चक्का जाम
किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने साफ किया कि इस दौरान इमरजेंसी सेवाएं जारी रहेंगी। उन्होंने पंजाब बंद के इस आह्वान को सफल बनाने के लिए व्यापारियों से लेकर दुकानदारों, मुलाजिमों, ट्रांसपोर्टरों, वकीलों, आम जनता समेत मीडिया को भी किसानों का साथ देने की अपील की। साथ ही बाकी किसान संगठनों को भी बंद में उनका साथ देने की अपील की। पंधेर ने चेतावनी दी है कि अगर जरूरत पड़ी तो आने वाले दिनों में पक्के तौर पर भी रेलों का चक्का जाम किया जा सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि जत्थेबंदियों को खुफिया जानकारी मिल रही है कि पुलिस प्रशासन की ओर से आमरण अनशन पर बैठे किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल को उठाया जा सकता है। पंधेर ने कहा कि इसके लिए सरकारों को डल्लेवाल की पहरेदारी कर रहे किसानों की जानें लेनी पड़ेंगी। उन्होंने कहा कि जो भी हाथ डल्लेवाल पर डाला जाएगा, उसे तोड़ दिया जाएगा।
सल्फास निगलने वाले किसान की मौत
शंभू बार्डर पर 14 दिसंबर को सल्फास निगलने वाले किसान जोध सिंह निवासी खन्ना की इलाज के दौरान मौत हो गई है। मृतक किसान 57 साल का था। किसान जत्थेबंदियों ने मांग की है कि पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, मृतक किसान के परिवार का पूरा कर्ज माफ और एक सरकारी नौकरी दी जाए। जत्थेबंदियों का आरोप है कि किसानों पर सरकारों की तरफ से किए जा रहे जुल्म और किसानों को दिल्ली न जाने देने के चलते जोध सिंह काफी परेशान था। जिस दिन उसने शंभू बार्डर पर सल्फास निगला, उसी दिन वह घर से आया था।