फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kisan Andolan: डल्लेवाल का कभी भी फेल हो सकता है ऑर्गन, धरना दे रहे किसानों के लिए बारिश बनी आफत

Mon, 23 Dec 2024 08:07 PM IST
अंकेश ठाकुर न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटियाला (पंजाब)

सार

एमएसपी की कानूनी गारंटी को लेकर आमरण अनशन पर बैठे किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल की हालत नाजुक बनी हुई है। हालत यह हो गई है कि उनके अंग कभी भी फेल हो सकते हैं। वहीं सोमवार को बारिश की वजह से धरने पर बैठे किसानों की परेशानी और बढ़ गई है। 
विज्ञापन
किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल का हालचाल जानतीं पटियाला की डीसी प्रीति यादव। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

खन्नौरी बॉर्डर पर किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल का आमरण अनशन सोमवार को 28वें दिन में दाखिल हो गया। डल्लेवाल की हालत लगातार नाजुक बनी हुई है। चेकअप करने वाली डॉक्टरों की टीम के मुताबिक किसी भी समय डल्लेवाल का कोई भी आर्गन फेल हो सकता है, क्योंकि लगातार भूखे रहने से उनके शरीर में काफी कमजोरी आ गई है। लीवर व किडनी पर इसका काफी बुरा असर पड़ा है। शूगर व बीपी लगातार ऊपर-नीचे हो रहा है। ऐसे में डल्लेवाल को जल्द अस्पताल व आईसीयू की जरूरत है। सोमवार को डल्लेवाल का हालचाल जानने के लिए पटियाला की डीसी प्रीति यादव और सांसद अमर सिंह पहुंचे। 

विज्ञापन


उधर, बारिश के कारण खनौरी बॉर्डर पर तिरपालों से पानी टपकने के कारण कंबल, गद्दे व रजाइयां गीली हो गईं। यहां तक कि लंगर बनाने के लिए ईंधन के तौर पर रखी लकड़ियां भी गीली हो गईं हैं। बारिश ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। बावजूद उनके हौसले बुलंद हैं। 

विज्ञापन


मौसम की मार से पीछे नहीं हटेंगे किसान
किसान गुरनाम सिंह ने कहा कि 13 फरवरी से किसान सड़कों पर बैठे हैं। पहले गरम लू के थपेड़ों का सामना किया और अब बारिश व कड़ाके की ठंड का सामना कर रहे हैं। लेकिन किसान तैयार हैं और मौसम की इस मार से किसान पीछे नहीं हटेंगे और यहीं डटे रहेंगे।

बारिश की वजह से सामान इकट्ठा करते किसान। - फोटो : अमर उजाला
लंगर का सामान ट्रैक्टर ट्रॉलियों में रखा
सुबह बारिश शुरू होने के बाद किसान अपने गद्दों, रजाइयों, कंबलों आदि को पानी से बचाने की जद्दोजहद में जुट गए। लंबी-लंबी बांस की लाठियों की मदद से तिरपालों से टपक रहे पानी को एक जगह इकट्ठा करके बाहर फेंकने का प्रयास किया जाने लगा। वहीं मंच तक पानी न पहुंच सके, इसके लिए बाल्टियों में मिट्टी भरकर लाई गई और इससे बट्ट बनाई गई। लंगर के सामान को तिरपालों से ढकी ट्रैक्टर-ट्रालियों में रखा गया। अमृतसर से आईं महिला सतनाम कौर ने कहा कि बारिश में सड़कों पर बैठना किसानों की मजबूरी है। अगर सरकार उनके हक किसानों को दे, तो क्यों किसान इस तरह से खराब मौसम में भटकने के लिए मजबूर हो।
विज्ञापन

खनौरी बॉर्डर पर किसान आंदोलन। - फोटो : अमर उजाला
डल्लेवाल की सेहत की कर रहे मॉनीटरिंग- डीसी
डल्लेवाल का हालचाल जानने पहुंची पटियाला की डीसी प्रीति यादव ने कहा कि डल्लेवाल की सेहत प्रशासन व सरकार की पहली प्राथमिकता है। इसलिए उनकी सेहत की लगातार मॉनीटरिंग के लिए प्रशासन की तरफ से डॉक्टरों की टीम तैनात की गई है। जब उनसे डल्लेवाल की सेहत कैसी है, इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि इस बारे में आप सिविल सर्जन से बात करें। लेकिन सिविल सर्जन ने कुछ कहने से इनकार कर दिया। उधर कांग्रेस के सांसद अमर सिंह ने डल्लेवाल की सेहत को लेकर केंद्र को घेरते कहा कि सरकार को जल्द किसानों की मांगें पूरी कर देनी चाहिए। वर्ना पंजाब अपना एक बड़ा किसान नेता गंवा बैठेगा। उन्होंने कहा कि पूरा विपक्ष किसानों की मांगों को पूरे जोरदार ढंग से संसद में उठा रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें