भाजपा ने केवल ढिल्लों को पंजाब भाजपा का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। वे सुनील जाखड़ की जगह लेंगे।
ढिल्लों भाजपा के पहले जट्ट सिख प्रधान हैं। एक बार फिर भाजपा ने कांग्रेस से आए चेहरे पर दांव लगाया है। ढिल्लों से पहले प्रधान रहे सुनील जाखड़ भी कांग्रेस से आए थे। ढिल्लों भाजपा नेताओं के साथ आज गवर्नर हाउस पहुंचे थे, इसी दाैरान उन्हें प्रधान बनाए जाने की जानकारी मिली।
2027 चुनाव पर है फोकस
नियुक्ति के बाद अपने पहले बयान में नए प्रधान ने कहा कि अब उनका फोकस 2027 चुनाव पर रहेगा। ढिल्लों ने कहा कि 2027 में कमल खिलाने के लिए पंजाब में सभी को साथ लेकर चला जाएगा। जो लोग कहते हैं कि अगली बार भाजपा एक या दो सीटों पर सिमट जाएगी, वे 2027 में पंजाब भाजपा का प्रदर्शन देखकर चौक जाएंगे।
बंगाल के बाद अब पंजाब की बारी
उन्होंने आप सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि साढ़े चार साल बीतने के बावजूद जनता से किए बड़े वादे अभी तक अधूरे हैं। बंगाल के बाद अब पंजाब की बारी है, पंजाब में सभी जातियां और समुदाय के लोगों को साथ लेकर आगे बढ़ेंगे और 2027 में सरकार बनाएंगे।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कसा तंज
केवल ढिल्लों की नियुक्ति पर सीएम भगवंत मान ने तंज कसा है। सीएम ने ट्वीट किया-2017, 2019 और 2024 में बरनाला की जनता से हारने वाले कांग्रेस के भाजपा नेता केवल ढिल्लों को भाजपा का अध्यक्ष बनने पर बधाई। सुनील जाखड़ के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। भगवान रवनीत बिट्टू, मनप्रीत बादल, फतेहजंग बाजवा, तरुण चुघ और अश्वनी शर्मा आदि को यह अपमान सहने की शक्ति दे।
अरविंद केजरीवाल ने की भी प्रतिक्रिया आई
पूर्व दिल्ली सीएम ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, केवल ढिल्लों जी को प्रदेश अध्यक्ष घोषित करके बीजेपी ने पंजाब चुनाव छोड़ देने का ऐलान कर दिया है। बीजेपी का पंजाब में चुनाव प्रचार अब केवल ई़डी और सीबीआई की रेड तक सीमित होगा। और पिछली कुछ रेड में बीजेपी देख चुकी है कि पंजाबी इन टुच्ची मुच्ची रैडों से नहीं डरते।