पंजाब के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश
इस नई रिपोर्ट में बुधवार देर रात हुई बोर्ड की बैठक में बहुमत से हरियाणा को अतिरिक्त पानी दिए जाने के फैसले को नहीं मानने पर पंजाब सरकार के खिलाफ कार्रवाई करने की सिफारिश की गई है। बीबीएमबी चेयरमैन ने केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल को बताया कि नंगल बांध पर पुलिस तैनात करना बोर्ड गठन के समय बनाए गए नियमों का स्पष्ट रूप से उल्लंघन है। बीबीएमबी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने इस संदर्भ में शुक्रवार को बैठक बुलाई है। इसमें बीबीएमबी चेयरमैन भी शामिल हो सकते हैं।
केंद्र हो या बीबीएमबी, कोई पंजाब का पानी लेकर दिखाए : मान
इसी बीच मान ने पानी पर लिए फैसले को लेकर केंद्र और बीबीएमबी को चेतावनी भरे लहजे में कहा कि कोई भी पंजाब का पानी लेकर दिखाए। बीबीएमबी ने तानाशाही फरमान जारी कर पंजाब के पानी को लूटना चाहा है। नैतिकता के आधार पर हरियाणा की आबादी के अनुसार पीने के लिए 1700 क्यूसेक पानी बनता है, इसके बावजूद उसे 4000 क्यूसेक पानी दिया जा रहा है। अब हरियाणा और बीबीएमबी गुंडागर्दी पर उतर आए हैं, वह भूल गए हैं बीबीएमबी में 60 प्रतिशत हिस्सेदारी पंजाब की है। पंजाब को बाईपास कर कोई पानी नहीं ले जा सकता।
केजरीवाल की बातों में आ गए सीएम मान : सैनी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मैं साधारण परिवार से हूं और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी साधारण परिवार से यहां तक पहुंचे हैं। पंजाब गुरुओं की धरती है। यहां दुश्मन को भी पानी पिलाया जाता है, हरियाणा तो फिर भी छोटा भाई है। जिसका मैं नाम नहीं लेना चाहता हूं, उसने यह भी कहा था कि हरियाणा ने यमुना में जहर घोल दिया था। मेरा मुंह न खुलवाएं तो अच्छा होगा। सीएम मान पीछे बैठे व्यक्तियों की बातों में आ गए हैं। भगवंत मान के पीछे केजरीवाल हैं। दिल्ली की हार बर्दाश्त नहीं हो रही है, केजरीवाल सदमे में हैं। सैनी ने कहा, मान साहब जनता के लिए काम करो।