उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ चल रहा है। देश ही नहीं बल्कि विदेश से भी श्रद्धालु महाकुंभ में आस्था की डुबकी लगाने पहुंच रहे हैं। शास्त्रों में महाकुंभ में स्नान का खास महत्व है। यही वजह की भारी संख्या में श्रद्धालु महाकुंभ के लिए जा रहे हैं।
वहीं दूसरी तरफ विमानन कंपनियां इस मौके को भुनाने में लगी हैं। क्योंकि महाकुंभ के लिए फ्लाइट का किराया 10 गुना बढ़ा दिया गया है। पांच हजार रुपये की फ्लाइट टिकट अब 50 हजार रुपये में बुक हो रही है। इस पर आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा ने प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ मेले के दौरान फ्लाइट कंपनियों की तरफ से किरायों में हो रही बेतहाशा बढ़ोतरी को लेकर नाराजगी जताई है। उन्होंने इसे श्रद्धालुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ बताते हुए सरकार से तुरंत कार्रवाई की मांग की है।
सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि महाकुंभ सनातन धर्म के अनुयायियों के लिए आस्था और अध्यात्म का सबसे बड़ा पर्व है। इस दुर्लभ संयोग में जब 144 वर्षों के बाद महाकुंभ का आयोजन प्रयागराज में हो रहा है, लाखों-करोड़ों श्रद्धालु स्नान, साधना और तपस्या के लिए देश और विदेश से तीर्थराज प्रयागराज पहुंचने की इच्छा रखते हैं, लेकिन ये फ्लाइट कंपनियां इस पवित्र आयोजन को अनुचित लाभ कमाने का अवसर मान रही हैं। फ्लाइट कंपनियों की मनमानी और मुनाफाखोरी ने श्रद्धालुओं की परेशानियां बढ़ा दी हैं। जो फ्लाइट का किराया 5000 से 8000 रुपये तक होता था, वह महाकुंभ के दौरान बढ़कर 50 से 60 हजार रुपये तक पहुंच गया है।
उन्होंने कहा कि यह आस्था और पवित्रता के इस महापर्व पर श्रद्धालुओं को लूटने जैसा है। लाखों श्रद्धालु जो महाकुंभ में शामिल होना चाहते थे, वे इन बढ़े हुए किरायों की वजह से निराश हो रहे हैं। फ्लाइट कंपनियों पर निशाना साधते हुए राघव चड्ढा ने कहा कि ये कंपनियां फायदे के चक्कर में अधर्म कर रही हैं। ऐसे में इस मुद्दे पर तुरंत ध्यान देना आवश्यक है।