पठानकोट शहर के एमसी बाजार में एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान में अचानक आग लगने से हजारों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। इस घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, घटना के समय दुकानदार दुकान में ही मौजूद था। अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण दुकान में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते दुकान में रखे इलेक्ट्रॉनिक रिपेयरिंग के सामान और नए इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।आग लगने से हुए भारी नुकसान के बाद दुकानदार ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है, ताकि वह अपना कारोबार दोबारा शुरू कर सके।