पंजाब पुलिस ने फिरोजपुर में सितंबर 2024 में हुए ट्रिपल मर्डर के मुख्य आरोपी भुवनेश चोपड़ा उर्फ आशीष को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। इस पर पाकिस्तान से भारत में हेरोइन पहुंचाने का भी आरोप है।
फिरोजपुर में 3 सितंबर 2024 को दिनदहाड़े दो युवक और एक युवती (ट्रिपल मर्डर) की हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने अंधाधुंध गोलियां चलाकर तीनों को मार डाला था। मृतकों में जसप्रीत कौर, दिलदीप सिंह और आकाशदीप थे। इस मामले में मुख्य आरोपी भुवनेश चोपड़ा उर्फ आशीष चोपड़ा को लगभग डेढ़ साल बाद आखिरकार पंजाब पुलिस के गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। इस पर पाकिस्तान से भारत में हेरोइन पहुंचाने का भी आरोप है।
विज्ञापन
पुलिस सूत्रों के मुताबिक पंजाब पुलिस ने विदेशी सुरक्षा एजेंसियों की मदद से फिरोजपुर शहर में सितंबर 2024 में दिलदीप सिंह समेत तीन लोगों की हत्या करवाने वाले मुख्य आरोपी आशीष चोपड़ा (कुख्यात गैंगस्टर) को गिरफ्तार कर लिया है। ये भारत से भागकर विदेश में छिपकर बैठा था। पुलिस ने इसका रेड कॉर्नर नोटिस और लुक-आउट सर्कुलर भी जारी किया हुआ था।
इंटरनेशनल सुरक्षा एजेंसियों के तालमेल से उसकी तलाश की जा रही थी। उसकी लोकेशन एक सेंट्रल एशियन देश में मिली, वहां से उसे काबू किया गया। उसके बाद उसे डिपोर्ट कर भारत भेज दिया गया और इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचने पर पंजाब पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। यही नहीं चोपड़ा पाकिस्तान से पंजाब में हेरोइन भेजने में भी भूमिका निभाता था।
विज्ञापन
जानकारों का कहना है कि इस कार्य में नई बनी ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्रैडिशन सेल ने अहम भूमिका निभाई है। चोपड़ा की गिरफ्तारी से फिरोजपुर और पंजाब के आसपास के बॉर्डर वाले जिलों में आने वाली हेरोइन कंसाइनमेंट को बड़ा झटका लगेगा।