पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। बुधवार को ईडी की टीम ने खरड़ में शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के हलका इंचार्ज रविंदर सिंह खेड़ा के आवास पर छापेमारी की। खेड़ा को खरड़ विधानसभा क्षेत्र से अकाली दल के टिकट का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। ऐसे में चुनावी सरगर्मियों के बीच हुई इस कार्रवाई को राजनीतिक लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।
रविंदर सिंह खेड़ा गुरु कृपा राइस एंड एग्रो इंडस्ट्रीज के मालिक हैं। इससे पहले जनवरी 2023 में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने उन्हें भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के एक अधिकारी के साथ रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार किया था। अब ईडी की ओर से उनके आवास पर की गई छापेमारी ने एक बार फिर उन्हें चर्चा में ला दिया है। हालांकि, फिलहाल ईडी की कार्रवाई के पीछे की वजह और जांच से जुड़े विस्तृत तथ्य आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आए हैं।
बादल की खरड़ में सक्रियता के पीछे खेड़ा की अहम भूमिका
अकाली दल की खरड़ विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियों को बढ़ाने में रविंदर सिंह खेड़ा की अहम भूमिका रही है। 18 नवंबर को अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने खरड़ में व्यापारियों और कारोबारियों के साथ बैठक की थी। इसमें किराना दुकानदारों, प्रॉपर्टी डीलरों, कीटनाशक विक्रेताओं, छोटे व्यापारियों और कमीशन एजेंटों ने हिस्सा लिया था। इस बैठक को आयोजित करवाने में खेड़ा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसके अलावा बादल परिवार की ओर से खरड़ और आसपास के इलाकों में कई बड़ी राजनीतिक रैलियां भी की जा चुकी हैं। इन रैलियों में भीड़ जुटाने और पार्टी के पक्ष में समर्थन तैयार करने में खेड़ा सक्रिय रहे हैं।
अकाली दल-भाजपा गठबंधन से टिकट के समीकरण भी बदले
पंजाब में आगामी चुनाव को देखते हुए अकाली दल और भाजपा के बीच गठबंधन की हालिया घोषणा के बाद खरड़ विधानसभा सीट पर उम्मीदवार को लेकर भी नए राजनीतिक समीकरण बनने लगे हैं। खेड़ा को अकाली दल की ओर से टिकट के प्रमुख दावेदारों में गिना जा रहा है, लेकिन गठबंधन के बाद सीटों के बंटवारे और उम्मीदवारों के चयन को लेकर स्थिति बदल सकती है। ऐसे में चुनाव से पहले खेड़ा के आवास पर ईडी की छापेमारी ने खरड़ की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। अब सभी की नजरें ईडी की जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।