ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं और धन शोधन की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रही। वहीं बुधवार देर रात कार्रवाई के खिलाफ पंजाब सरकार ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। सरकार की ओर से दायर तत्काल सुनवाई की अर्जी पर हाईकोर्ट ने मामले में वारंट ऑफिसर नियुक्त किया है।
पंजाब सरकार का आरोप-8 अधिकारियों को बंधक बनाया
पंजाब सरकार ने देर रात ईडी द्वारा गमाडा परिसर में मंगलवार दोपहर से शुरू की गई रेड और ऑफिस को सील किए जाने को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। साथ ही आरोप लगाया था कि ईडी ने कानून का उल्लंघन कर और बिना कोई ईएसआईआर दर्ज किए यह कार्रवाई की है
साथ ही पंजाब सरकार ने आरोप लगाया था कि मंगलवार से ही ईडी ने गमाडा के 8 अधिकारियों को अवैध तरीके से बंधक बना कर रखा हुआ है, जिनमें विकास गर्ग हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट के प्रधान सचिव, अमरिंदर सिंह मल्ही अतिरिक्त चीफ एडमिनिस्ट्रेटर, संदीप ऋषि अतिरिक्त चीफ एडमिनिस्ट्रेटर, राकेश पोपली सहायक चीफ एडमिनिस्ट्रेटर, अमन गुप्ता एस्टेट ऑफिसर, रोहित जिंदल लैंड एक्वीजीशन कोलेक्टर, अजय गर्ग चीफ इंजीनियर, अजय मित्तल चीफ अकाउंट्स ऑफिसर शामिल हैं।
हाईकोर्ट ने देर रात हाईकोर्ट ने रजिस्ट्रार एडमिनिस्ट्रेशन को वारंट ऑफिसर नियुक्त कर गमाडा परिसर की जांच के आदेश दिए थे। जिसके बाद वारंट ऑफिसर ने रात पौने दो बजे से लेकर सुबह पौने छह बजे तक परिसर का दौरा कर पूरी जांच की। अब वारंट ऑफिसर दोपहर 2 बजे अपनी रिपोर्ट हाईकोर्ट में पेश करेंगे।
मंगलवार सुबह शुरू हुई थी कार्रवाई
मंगलवार सुबह शुरू हुई कार्रवाई के तहत ईडी ने दिल्ली, मोहाली, चंडीगढ़, पंचकूला और लुधियाना में 27 ठिकानों पर तलाशी और सर्वे किया। इनमें गमाडा मुख्यालय और पंजाब सरकार के हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट विभाग से जुड़े परिसर शामिल हैं।
देर शाम ईडी की टीम ने चंडीगढ़ के सेक्टर-39 स्थित सरकारी कोठी नंबर 926 में छापा मारा। सूत्रों के अनुसार, कोठी में दिल्ली से जुड़े आम आदमी पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के रहने की बात सामने आई है। इस बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने सोशल मीडिया पर कोठी नंबर 926 की तस्वीर साझा की है। बिट्टू ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर यह भी दावा किया है कि पंजाब सरकार का एक मंत्री विदेश चला गया है। उधर बताया जा रहा है कि जांच टीम दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है। हालांकि, ईडी की ओर से कोठी को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। इसी इलाके में आम आदमी पार्टी सरकार के मंत्रियों की कोठियां भी मौजूद हैं।
मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां के भांजे के घर पहुंची टीम
लुधियाना में पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां के भांजे प्रिंस के आवास पर भी ईडी की टीम ने तलाशी ली। अधिकारियों ने वहां दस्तावेज, डिजिटल उपकरण और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले। चंडीगढ़ में गमाडा के पूर्व चीफ एडमिनिस्ट्रेटर और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी राजीव गुप्ता के आवास पर भी तलाशी की जानकारी सामने आई है।
सियासत गरमाई
वहीं रवनीत बिट्टू के एक ट्वीट के बाद चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। बिट्टू ने रात को एक्स पर ट्वीट किया-पंजाब का एक मंत्री देश छोड़कर फरार हो गया है। हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिखा। शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने ईडी की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि चोर मचाए शोर, सब पकड़े जाएंगे।
ईडी की जांच का प्रमुख केंद्र तिरुपति इंफ्रा प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड और उससे जुड़ी कंपनियों द्वारा गमाडा से नीलामी के जरिये हासिल की गई दो प्रमुख साइटें हैं। एजेंसी इन साइटों से जुड़ी कंपनियों को बाद में गमाडा की देनदारियों में दी गई कथित बड़ी वित्तीय राहत की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में कंपनियों को 100 करोड़ रुपये से अधिक का कथित अनुचित लाभ और सरकारी खजाने को नुकसान होने की आशंका जताई गई है।
तिरुपति इंफ्रा प्रोजेक्ट्स के साथ रेमिगेट बिल्ड एस्टेट्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड, एमबी इंफ्राबिल्ड, मेरा बाबा रियलिटी एसोसिएट्स और मेरा बाबा इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े प्रमोटर, निदेशक और अन्य संबंधित लोग भी जांच के दायरे में हैं। ईडी इन कंपनियों के आपसी संबंध, गमाडा के साथ हुए वित्तीय लेन-देन और भुगतान से जुड़ी फाइलों की पड़ताल कर रही है।
फेज-8 स्थित पुडा भवन में ईडी की टीम ने रातभर रिकॉर्ड खंगाले। कार्रवाई के दौरान गमाडा मुख्यालय की तीन मंजिलों को सील किए जाने की जानकारी है। वरिष्ठ अधिकारियों के मोबाइल फोन और कार्यालयी कंप्यूटर कब्जे में लिए जाने की भी रिपोर्ट है। बुधवार को हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट विभाग के प्रमुख सचिव विकास गर्ग समेत कई अधिकारियों से पूछताछ की गई। लैंड एक्विजिशन, एस्टेट, इंजीनियरिंग और प्रशासन शाखाओं से जुड़े रिकॉर्ड भी जांचे गए।