चंडीगढ़ के 32 सेक्टर में स्थित जीएमसीएच अस्पताल में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे एक छात्र ने बिल्डिंग से छलांग लगा दी। जानकारी के मुताबिक 2022 बैच के एमबीबीएस छात्र ने अस्पताल की सातवीं मंजिल से छलांग लगा दी। छात्र को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करवाया गया जहां उसने दम तोड़ दिया। शुरुआती जानकारी के मुताबकि मृतक चंडीगढ़ के 32-सेक्टर का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई। छात्र ने ये खौफनाक कदम क्यों उठाया फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान कर्ण संधू के तौर पर हुई है जिसकी उम्र 23 साल थी और वह एमबीबीएस फाइनल इयर का छात्र था।
विज्ञापन
जून में भी डॉक्टर ने किया था सुसाइड
अभी बीते माह ही जीएमसीएच अस्पताल के एक डॉक्टर ने सुसाइड किया था। डॉक्टर ने इंजेक्शन लगाकर अपनी जान दी थी। मृतक का नाम डॉक्टर योगेश था जो जूनियर रेजिडेंट था। डॉक्टर ने अस्पताल परिसर में ही खुद को इंजेक्शन लगाया था। वहीं, एक माह के बाद ही अस्पताल के एक एमबीबीएस छात्र द्वारा सुसाइड करने से बवाल मच गया है।