डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीनों की शुरुआत पंजाब में यात्रियों की बस सेवाओं तक पहुंच को आसान बनाने की दिशा में एक अहम सुधार है। इस व्यवस्था के तहत यात्री विभिन्न डिजिटल भुगतान विकल्पों के माध्यम से टिकट खरीद सकेंगे, जिनमें क्यूआर कोड आधारित भुगतान, यूपीआई, कार्ड आधारित लेन-देन और ऑफलाइन मोड शामिल हैं।
पंजाब में सरकार ने सरकारी बस सेवाओं को आधुनिक बनाने के लिए डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीनों के इस्तेमाल का फैसला लिया है। इस सुविधा के जरिये यात्री अब क्यूआर कोड आधारित भुगतान, यूपीआई, कार्ड आधारित लेन-देन और ऑफलाइन मोड दोनों से टिकट खरीद सकेंगे। डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीनें खरीदने के प्रस्ताव को सरकार से मंजूरी मिल गई है।
विज्ञापन
अभी तक बसों में इलेक्ट्रॉनिक मशीन तो थी मगर उसमें डिजिटल भुगतान की सुविधा नहीं थी। इस वजह से कई बार बसों में छुट्टे पैसे के मसले पर कंडक्टरों और सवारियों के बीच तीखी बहस तक हो जाती थी।
परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने बताया कि डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीनों की शुरुआत पंजाब में यात्रियों की बस सेवाओं तक पहुंच को आसान बनाने की दिशा में एक अहम सुधार है। यात्री विभिन्न डिजिटल भुगतान विकल्पों के माध्यम से टिकट खरीद सकेंगे। यह प्रणाली प्रतीक्षा समय को कम करने, नकदी पर निर्भरता घटाने व शहरी और ग्रामीण दोनों मार्गों पर यात्रियों के लिए सुगम यात्रा अनुभव सुनिश्चित करने के उद्देश्य से तैयार की गई है।
विज्ञापन
महिलाओं, विद्यार्थियों को जारी होंगे स्मार्ट कार्ड
ये मशीनें जीपीएस-सक्षम होंगी, जिससे बसों की लाइव ट्रैकिंग, नजदीकी बस स्टॉप की जानकारी और विभिन्न मार्गों पर उपलब्ध सेवाओं से संबंधित वास्तविक समय की सूचना उपलब्ध कराई जाएगी। सीटों की उपलब्धता की जानकारी और यात्रा को अधिक कुशल बनाने की सुविधा के साथ सरकारी बस सेवाओं की विश्वसनीयता में और वृद्धि होगी। महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा निर्बाध रूप से जारी रहेगी। महिला यात्रियों को मुफ्त यात्रा का लाभ लेने के लिए स्मार्ट कार्ड जारी किए जाएंगे, जो महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आवागमन में सुविधा सुनिश्चित करने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को और मजबूत करते हैं। विद्यार्थियों को भी स्मार्ट कार्ड प्रदान किए जाएंगे। उन्हें मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से ऑनलाइन रिचार्ज किया जा सकेगा जिससे युवाओं के लिए यात्रा अधिक सुलभ और किफायती बनेगी। स्मार्ट कार्डों को मोबाइल एप के जरिये डिजिटल रूप से रिचार्ज किया जा सकेगा।