पंजाब के बठिंडा में दिल दहला देने वाली घटना हुई है। यहां एक व्यक्ति ने धोखेबाज पत्नी की बेवफाई से आहत होकर मौत को गले लगा लिया। पत्नी ने पति को ऐसा धोखा दिया कि पति सहन नहीं कर पाया और घर पर फंदा लगाकर जान दे दी।
बठिंडा के शक्ति विहार कॉलोनी में स्थित घर के अंदर एक व्यक्ति ने फंदा लगाकर जीवन लीला खत्म कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीमें और समाजसेवी संस्था नौजवान वेलफेयर सोसायटी के वालंटियर यादविंदर कंग मौके पर पहुंचे। मृतक युवक की पहचान 32 वर्षीय रवनीत सिंह पुत्र अमर सिंह के तौर पर हुई।
मृतक के परिजनों ने बताया कि वर्ष 2018 में रवनीत की शादी हुई थी। उसने घर और सोने के आभूषण बेच कर अपनी पत्नी को ऑस्ट्रेलिया भेज दिया था। रवनीत की पत्नी ऑस्ट्रेलिया पहुंचकर रवनीत को भी वहां अपने पास बुलाने का वायदा किया था, लेकिन ऑस्ट्रेलिया पहुंचने के बाद रवनीत की पत्नी ने उसे सारे रिश्ते तोड़ दिए और बात करना भी बंद कर दिया। इसके बाद से रवनीत दिमागी तौर पर परेशान रहने लगा।
बीती वीरवार देर रात को रवनीत सिंह घर पर था। वह अपने कमरे में था और उसने कमरा अंदर से बंद कर उसने पंखे के साथ फंदा लगा लिया। परिवार के सदस्यों को लगा कि रवनीत कमरा बंद करके आराम कर रहा है, लेकिन जब शुक्रवार सुबह तक काफी देर तक बाहर नहीं आया, तो रवनीत के भाइयों ने दरवाजा तोड़ कर देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। क्योंकि रवनीत फंदे से झूल रहा था।
पुलिस ने प्राथमिक कार्रवाई और फॉरेंसिक जांच के बाद शव को संस्था के सहयोग से पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया है। मामले में अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना थर्मल पुलिस ने मृतक के पिता अमर सिंह के बयानों पर पत्नी सहित दो लोगों के खिलाफ आत्महत्या करने के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।