फिरोजपुर के गुरुहरसहाए के गांव कूटी मोड़ में दो भाईयों को अपने दोस्त का मजाक अच्छा नहीं लगा। जिसके बाद दोनों ने उसे जबरन जहरीली दवा पिलाकर मार डाला। थाना गुरुहरसहाए पुलिस ने रविवार को दोनों भाईयों के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
पीड़ित गुरप्यार सिंह वासी कूटी मोड़ ने मरने से पूर्व पुलिस को दिए बयान में कहा कि वह काम से अपने घर लौट रहा था। रात साढ़े आठ बजे के करीब आरोपी हैप्पी व हैरी रास्ते में मिल गए। वह दोनों को पहले से ही जानता था। इसलिए हैप्पी के घर चला गया। वहां बैठ कर तीनों शराब पीने लगे।
इतने में हैप्पी ने कहा कि मेरी पत्नी रातभर मोबाइल देखती है, नींद नहीं आती है। गुरप्यार ने मजाक में कहा कि पत्नी को भी दो पैग पिला दे, उसे अच्छी नींद आएगी। इसी बात पर दोनों भाईयों ने उसे पीटा और जबरन उसे जहरीली दवा पिला दी। तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। थाना गुरुहरसहाए पुलिस ने मरने से पूर्व गुरप्यार ने दिए बयान के आधार पर आरोपी हैप्पी व हैरी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।