पाकिस्तान से आया ड्रोन बरामद, अफीम की खेप भी जब्त
तरनतारन पुलिस ने पाकिस्तान से हो रही नशा तस्करी की एक और कोशिश विफल कर दी है। पुलिस ने थाना खालड़ा के अंतर्गत आने वाले गांव डल के खेतों से एक ड्रोन बरामद किया है। इसके साथ 506 ग्राम अफीम मिली है। इस मामले में थाना खालड़ा में केस दर्ज कर लिया गया है। बरामद ड्रोन को तकनीकी और फोरेंसिक जांच के लिए विशेषज्ञों के पास भेजा गया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में भी अपनी निगरानी बढ़ा रही है, जिससे किसी अन्य नशा खेप या तस्करी नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
जानकारी के अनुसार गांव डल निवासी रंजीत सिंह ने अपने खेत में एक ड्रोन पड़ा देखा। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस टीम ने ड्रोन को अपने कब्जे में लिया और जांच शुरू की। बरामद ड्रोन से एक पैकेट बंधा था जिसमें लगभग आधा किलोग्राम अफीम मिली।
पाकिस्तान से भारतीय सीमा में दाखिल हुआ ड्रोन
डीएसपी प्रीतइंदर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच से स्पष्ट है कि यह ड्रोन पाकिस्तान की तरफ से भारतीय सीमा में दाखिल हुआ। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अफीम की खेप किसके लिए भेजी गई थी। इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। पुलिस अधिकारियों ने सीमावर्ती क्षेत्र के ग्रामीणों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। इससे नशा तस्करी के प्रयासों को पूरी तरह विफल करने में मदद मिलेगी।