पंजाब पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। तरनतारन पुलिस ने सीमा पार से भेजी गई नशे की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने 85 किलो हेरोइन के साथ एक ड्रग स्मगलर को गिरफ्तार किया है। आरोपी अमरजोत सिंह अमृतसर का रहने वाला है। पुलिस ने इसके कब्जे से अलग-अलग जगह से कुल 85 किलो हेरोइन पकड़ी है।
एक दिन पहले वीरवार को 5 किलो हेरोइन समेत गिरफ्तार किए गए अंतरराष्ट्रीय तस्कर अमरजोत सिंह उर्फ जोता निवासी गांव भुट्टेविंड ने एक ही रात में 80 किलो और हेरोइन बरामद करवाई। गिरफ्तार किया गया यह तस्कर विदेश में अपना बड़ा नेटवर्क बना चुका था। आरोपी ने अपने घर में वॉशिंग मशीन में भी नशे की बड़ी खेप छुपाई थी।
तरनतारन जिले के एसएसपी अभिमन्यु राणा ने बताया कि डीजीपी गौरव यादव की अगुवाई में पंजाब में चलाए जा रहे अभियान युद्ध नशे के विरुद्ध के तहत को सूचना मिली कि अमृतसर जिले के गांव भुट्टे विंड निवासी नक्शा तस्कर अमरजोत सिंह उर्फ जोता देश विदेशों में बैठे नशा तस्करों से संबंध बनाकर बड़े स्तर पर हेरोइन की सप्लाई करवा रहा है। उक्त सूचना के आधार पर एसपी आई अजयराज सिंह, डीएसपी गुरिंदरपाल सिंह नागरा की अगुवाई में सीआईए स्टाफ के मुखी अमनदीप सिंह रंधावा ने टीम समेत तरनतारन क्षेत्र से नशा तस्कर अमरजोत सिंह जोता को वीरवार की शाम को 5 किलो हेरोइन समेत गिरफ्तार किया। तस्कर जोता ने प्रथम पूछताछ में अहम जानकारी मुहैया करवाई। उसने 40 किलो हेरोइन की खेप अपने घर में रखी वॉशिंग मशीन से बरामद करवाई जबकि बीड बाबा बुड्ढा साहिब के पास खेत में दबाई गई 40 किलो हेरोइन अलग से बरामद की गई।
एसएसपी अभिमन्यु राणा ने बताया कि 85 किलो हेराेइन समेत पकड़े गए अंतरराष्ट्रीय तस्कर अमरजोत सिंह जोता के अन्य देशों में और भी लिंक स्थापित होने की पुष्टि हुई है। पहला मौका है कि तरनतारन पुलिस ने एक ही तस्कर से इतनी ज्यादा मात्रा में हेरोइन बरामद की हो। एसएसपी अभिमन्यु राणा ने कहा है कि इस मामले से जुड़े और कई बड़े तस्कर भी पुलिस के निशाने पर हैं।