पंजाब पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत दूसरे दिन बुधवार को सूबे के विभिन्न जिलों में दबिश देकर विदेशी गैंगस्टरों के 1186 सहयोगियों को गिरफ्तार किया। जिलों के आला पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व मे टीमें सक्रिय रहीं और विभिन्न ठिकानों पर रेड की गई। इन सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है जबकि इनके लिंक को भी खंगाला जा रहा है।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि पुलिस की टीमें 48 घंटों में 2,500 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 पर गोपनीय रूप जानकारी भी दे रहे हैं।
गैंगस्टरों के चिह्नित और मैप किए गए ठिकानों से जुड़े सहयोगियों के खिलाफ पूरे राज्य में कार्रवाई की जा रही है।
डीजीपी ने बताया कि इस अभियान के तहत संगठित अपराध को जड़ से खत्म करने के लिए लगभग 12,000 पुलिस कर्मियों की तैनाती के साथ 2,000 से अधिक पुलिस टीमें राज्य भर में तैनात की गईं।
ऑपरेशन के दूसरे दिन के परिणाम साझा करते हुए पुलिस के विशेष महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) अर्पित शुक्ला अभियान की व्यक्तिगत रूप से निगरानी के लिए मोहाली पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि दूसरे दिन राज्य भर में विदेशी गैंगस्टरों के 1,186 सहयोगियों और सहायक अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है जबकि पहले दिन 1,314 व्यक्तियों को काबू किया था।
विशेष डीजीपी अर्पित शुक्ला ने बताया कि संगठित अपराध को सहारा देने वाली पूरी सहायता प्रणाली को ध्वस्त करने के उद्देश्य से वित्तीय नेटवर्क, लॉजिस्टिक्स, हथियार आपूर्ति शृंखला और संचार लिंक सहित विभिन्न पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
नागरिकों से संगठित अपराध के खिलाफ इस अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए विशेष डीजीपी ने कहा कि एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से लोग वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के बारे में गोपनीय रूप से जानकारी दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर यदि किसी गैंगस्टर की गिरफ्तारी होती है, तो संबंधित व्यक्ति को 10 लाख रुपये तक की इनामी राशि देकर सम्मानित किया जाएगा।
युद्ध नशे के विरुद्ध: तस्करी के 152 आरोपी धरे
चंडीगढ़। युद्ध नशेयां विरुद्ध अभियान के अंतर्गत कार्रवाई 326वें दिन जारी रही। पंजाब पुलिस ने बुधवार को 309 जगहों पर दबिश दी। प्रदेश भर में 152 नशा तस्करों को गिरफ्तार करके 78 एफआईआर दर्ज की गईं। गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों के कब्जे से 377 ग्राम हेरोइन, 1529 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 5200 रुपये की ड्रग मनी बरामद हुई है। 64 गजेटेड अधिकारियों की निगरानी में 800 से अधिक पुलिस कर्मचारियों की नफरी वाली 100 से अधिक पुलिस टीमों ने राज्य भर में 309 जगहों पर कार्रवाई की। टीमों ने दिन भर चले इस ऑपरेशन के दौरान 319 संदिग्ध व्यक्तियों की भी जांच की। 27 व्यक्तियों को नशा मुक्ति और पुनर्वास का इलाज करवाने के लिए राजी किया है।