पंजाब के बटाला में एक बार फिर गैंगवार हुआ है। इस गैंगवार में कुख्यात गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां की हत्या कर दी गई है। इस वारदात को वीरवार की रात अंजाम दिया गया। बाइक सवार दो बदमाशों ने कार सवार जग्गू भगवानपुरिया की मां हरजीत कौर और बॉडीगार्ड करणवीर सिंह पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई, जिसमें दोनों की मौत हो गई।
कुख्यात गैंगस्टर और ड्रग डीलर जग्गू भगवानपुरिया का असली नाम जगदीप सिंह है। वह बटाला के गांव भगवानपुर का रहने वाला है। जग्गू भगवानपुरिया गैंग पंजाब में सबसे ज्यादा एक्टिव गैंग है। बताया जाता है कि इस गैंग का कनेक्शन लॉरेंस बिश्नोई गैंग के साथ है। इस गैंग का खास पेशा किडनैपिंग, वसूली, हाई-वे रॉबरी है। गैंग का मुखिया जग्गू भगवानपुरिया है। वह साल 2012 से खुलकर जुर्म की दुनिया में सामने आया था। उसे 2015 में ही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि, इसके बाद भी वह जेल से अपने गैंग को ऑपरेट कर रहा है। कहा जाता है कि इसके गैंग में 50 से ज्यादा अपराधी शामिल हैं। इस गैंग का रिश्ता सुक्खा काहलवां गैंग से भी बेहद करीबी है। जग्गू भगवानपुरिया को इसी साल मार्च में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने बठिंडा सेंट्रल जेल से गिरफ्तार किया और असम की सिलचर सेंट्रल जेल में शिफ्ट कर दिया। जग्गू के ऊपर अभी तक 128 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
मूसेवाला की हत्या के मामले में भगवानपुरिया की संलिप्तता का शक है। आशंका है कि जग्गू भगवानपुरिया ने लॉरेंस बिश्नोई के कहने पर शार्प शूटर मुहैया करवाए थे।
दविंदर बंबीहा गैंग ने ली जिम्मेदारी
इस हत्याकांड की जिम्मेदारी दविंदर बंबीहा गैंग ने ली है। हरियाणा के दो गैंगस्टर प्रभु दासवाल और कौशल चौधरी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर जिम्मेदारी ली है। माना जा रहा है कि ये दोनों गैंगस्टर बंबीहा गैंग के लिए काम करते हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस कनेक्शन की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। सोशल मीडिया पर शेयर किए गए पोस्ट से अंदाजा लगाया जा रहा है कि हत्यारे करणवीर सिंह को मारने आए थे। उनका निशाना करणवीर ही था, लेकिन साथ में जग्गू भगवानपुरिया की मां भी थी और कई गोलियां उसे भी लगी।
जग्गू का रिश्तेदार है करणवीर
मरने वाला बॉडीगार्ड करणवीर सिंह निवासी गांव भेखोवाल जग्गू के रिश्तेदार का बेटा बताया जा रहा है। वारदात देर रात बटाला के कादियां टोल बैरियर के पास हुई। जानकारी के अनुसार, करणवीर सिंह और हरजीत कौर निवासी गांव भगवानपुर स्कॉर्पियो में जा रहे थे। गोली लगने से करणदीप सिंह की मौत हो गई, जबकि हरजीत कौर गंभीर रूप से घायल हो गई। उन्हें बटाला से अमृतसर रेफर किया गया, जहां उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें:
लापरवाही: खुला था फाटक... गुजर रहे थे वाहन, तभी आ गई ट्रेन, इमरजेंसी ब्रेक से रोकी गाड़ी, इस हाल में मिला गेटमैन