पंजाब के बरनाला में बड़े भाई ने छोटे भाई की हत्या कर दी। आरोपी भाई ने गंडासे से उस पर वार किया। मृतक का शव खेत में खून से लथपथ हालत में मिला है। आरोपी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
बरनाला जिले के धनौला थाना क्षेत्र के गांव कुब्बे में बड़े भाई द्वारा छोटे भाई की बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया। मृतक हरजीत सिंह (32) के सिर पर गंडासे से वार कर उसकी हत्या की गई। उसका शव बरनाला-लोंगोवाल बॉर्डर के पास खेतों में मिला। पुलिस ने मृतक के बड़े भाई गुरदीप सिंह को आरोपी के तौर पर चिन्हित किया है। घटना के समय हरजीत सिंह के दोस्त संदीप सिंह भी मौजूद था, जो झगड़े में गंभीर रूप से घायल हो गया।
विज्ञापन
डीएसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि हत्या की सूचना के बाद लोंगोवाल थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, झगड़े की मुख्य वजह नशे को लेकर विवाद था। बड़ा भाई गुरदीप सिंह छोटे भाई हरजीत सिंह को नशा करने से रोकता था। इसी बात को लेकर कहासुनी बढ़ गई और झगड़े के दौरान गुरदीप सिंह ने गंडासे से हरजीत सिंह के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पीड़ित परिवार के माता-पिता पहले ही मृत हैं और हरजीत अविवाहित था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव के सरपंच हरदेव सिंह ने बताया कि दोनों भाई खेती और सब्जी उत्पादन करते थे और पहले भी नशे को लेकर विवाद हो चुका था। घटना की पूरी सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी।