चंडीगढ़ के खुड्डा अलीशेर के शराब ठेके पर बीते सोमवार की शाम एक्टिवा सवार दो युवकों ने बम फेंककर हमला कर दिया। पीछे बैठे युवक ने सर्विस खिड़की पर बम फेंका लेकिन वह अंदर जाने के बजाय ग्राहकों के पैरों के पास जा गिरा। अगले ही पल जोरदार धमाका हुआ और ठेके के बाहर भगदड़ मच गई। इसी बीच दोनों युवक एक्टिवा पर भाग निकले।
वारदात से ठीक पांच दिन पहले इसी ठेके के बाहर एक अज्ञात महिला मोबाइल से वीडियो बनाती सीसीटीवी में कैद हुई थी। वारदात 14 सितंबर की शाम करीब 6:47 से 6:50 बजे के बीच हुई। धमाके के तुरंत बाद ठेके के मैनेजर वरिंदर सिंह ने 112 पर सूचना दी।
सेक्टर-11 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। ठेका संचालक गौरव कुमार ने पुलिस को घटना की सीसीटीवी फुटेज दी है। साथ ही 9 सितंबर की वह फुटेज भी सौंपी है जिसमें सुबह करीब 11 बजे एक अज्ञात महिला ठेके के बाहर मोबाइल से परिसर की वीडियो रिकॉर्ड करती दिखाई दे रही है।
पांच दिन पहले महिला क्यों बना रही थी वीडियो
ठेका संचालक ने पुलिस से महिला की पहचान कराने और उसकी गतिविधि का कारण पता लगाने की मांग की है। साथ ही आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर एक्टिवा सवार दोनों युवकों की पहचान करने को कहा है।
उनका कहना है कि महिला की गतिविधि और सोमवार के हमले के बीच संभावित संबंध की भी जांच होनी चाहिए। संचालक ने आशंका जताई है कि हमले के पीछे ठेके को नुकसान पहुंचाने, डराने या किसी अन्य आपराधिक उद्देश्य की कोशिश हो सकती है। हालांकि अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि फेंकी गई वस्तु वास्तव में विस्फोटक थी। वस्तु की प्रकृति और धमाके के कारण की पुष्टि जांच में होगी। ठेका संचालक ने मैनेजर और कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए ठेके के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। हमलावरों की पहचान के प्रयास जारी हैं। बम के प्रकृति भी जांची जाएगी।
-एसपीएस सोंधी, डीएसपी सेंट्रल