पांच बहनों के इकलौते भाई की कनाडा में मौत हो गई। वह दो महीने पहले ही कनाडा रोजी-रोटी कमाने गया था। युवक की मौत के बाद पंजाब के बरनाला में उसके गांव में मातम पसरा हुआ है।
बरनाला के गांव ठीकरीवाला के एक युवक की कनाडा में दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। मृतक युवक बेअंत सिंह उर्फ जगतार (31) पुत्र बचित्तर सिंह करीब दो माह पहले रोजी-रोटी की तलाश में कनाडा गया था। घटना के बाद गांव व परिवार में मातम का माहौल है।
विज्ञापन
जानकारी देते हुए मृतक के चाचा हरभगवान सिंह ने बताया कि उनका भतीजा अप्रैल माह में कनाडा गया था, जहां 2 जुलाई को दिल का दौरा पड़ने से उसकी मौत हो गई। कनाडा में रहने वाले रिश्तेदारों ने उन्हें फोन पर इस घटना की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बेअंत सिंह पांच बहनों का इकलौता भाई था और अपनी विधवा मां मलकीत कौर का इकलौता सहारा था। परिवार ने कर्ज लेकर मृतक को उज्ज्वल भविष्य के लिए कनाडा के शहर सरे में भेजा था, लेकिन वहां उसके साथ यह दुखद घटना घट गई। उन्होंने बताया कि मृतक युवक ने इससे पहले पांच साल सिंगापुर में काम किया था और फिर कनाडा चला गया था।