नवरात्र में मां के दर्शनों के लिए पहुंचे श्रद्धालु
- फोटो : संवाद
शारदीय नवरात्र के शुभारंभ पर रविवार को चंडीगढ़ के मंदिरों में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही मंदिरों के कपाट खुल गए और मां भगवती के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। मंदिरों में दुर्गा सप्तशती के पाठ, दुर्गा स्तुति, पूजा-अर्चना और आरती का आयोजन किया गया।
श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में नवाया शीश
मां के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठे। श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। कई जगहों पर पूजा पंडाल सजाया गया है। स्मॉल फ्लैट मलोया स्थित दुर्गा पूजा सेवा समिति की ओर से भव्य आयोजन हो रहा है। माता के जयकारे के साथ नवरात्र का शुभारंभ हुआ।
समिति के प्रधान भोला ने बताया कि हर रोज भजन कीर्तन और शाम में आकर्षक झांकियां प्रस्तुत होंगी। सेक्टर-30 स्थित श्री महाकाली मंदिर में नवरात्र को लेकर विशेष धार्मिक आयोजन किए गए। मंदिर के प्रधान जितेंद्र जौहर के अनुसार, नवरात्र के दौरान मां भगवती की आराधना और पूजा-अर्चना का विशेष महत्व है। श्रद्धालु पहले दिन से ही मां का आशीर्वाद लेने के लिए मंदिर पहुंच रहे हैं।
सेक्टर-30 के शिव शक्ति मंदिर में भी सुबह से श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। मंदिर के प्रधान यादविंदर मेहता ने बताया नवरात्र के अवसर पर मंदिर में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालु मां की स्तुति कर सुख-शांति और समृद्धि की कामना कर रहे हैं।
सेक्टर-20 स्थित गुग्गामड़ी श्री हनुमान मंदिर में भी नवरात्र के पहले दिन धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंदिर के प्रमुख पंडित किशोरी लाल के बताया कि, नवरात्र में दुर्गा स्तुति, पाठ और आराधना का विशेष महत्व है। इन नौ दिनों में श्रद्धालु मां भगवती की पूजा कर आध्यात्मिक शांति और आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। सेक्टर-24 के प्राचीन शिवालय मंदिर, बसंती माता मंदिर, सेक्टर-22 स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर और सेक्टर-44 के श्री राधा कृष्ण मंदिर सहित शहर के अन्य मंदिरों में भी नवरात्र का शुभारंभ श्रद्धा के साथ हुआ। मंदिरों में पूजा-पाठ और आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने मां भगवती के जयकारे लगाए।
महिला संकीर्तन मंडलियों ने माता रानी के भजन प्रस्तुत किए।नवरात्र में हर दिन महिलाएं मां दुर्गा के भजनों के माध्यम से उनकी महिमा का गुणगान करेंगी। मंदिरों में अगले नौ दिनों तक पूजा-अर्चना, दुर्गा स्तुति, आरती और धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला जारी रहेगा। नवरात्र को लेकर श्रद्धालुओं में बहुत उत्साह है और मंदिरों में मां के दर्शन के लिए भक्तों के पहुंचने का क्रम बना हुआ है।