कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा के खिलाफ मोहाली साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। यह मामला आम आदमी पार्टी की पंजाब प्रभारी/नेता गायत्री बिश्नोई की शिकायत से जुड़ा है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि खैरा ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर ऐसी पोस्ट और टिप्पणियां कीं, जिनमें गायत्री बिश्नोई के चरित्र और प्रतिष्ठा को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक बातें कही गई थीं।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 75(1)(iv), 75(3), 79, 351 और 61 के तहत केस दर्ज किया है। इसके अलावा सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) एक्ट की धारा 67 भी लगाई गई है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों और इंटरनेट मीडिया पर किए गए संबंधित पोस्ट व टिप्पणियों की जांच कर रही है।
शिकायत में गायत्री बिश्नोई ने आरोप लगाया है कि खैरा की ओर से की गई टिप्पणियों से उनकी प्रतिष्ठा और चरित्र को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया। मामला सामने आने के बाद मोहाली साइबर क्राइम पुलिस ने संबंधित इंटरनेट मीडिया कंटेंट को भी जांच के दायरे में लिया है। पुलिस की ओर से इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स को कथित आपत्तिजनक सामग्री हटाने के लिए नोटिस भी भेजा गया है।