फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंजाब चुनाव: सूबे की हिंदू बिरादरियों को एकजुट करने की कवायद में भाजपा, इन वोटर्स पर कांग्रेस-आप का भी फोकस

Thu, 12 Nov 2026 03:41 PM IST
Sharukh Khan मोहित धुपड़, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

भाजपा पंजाब की हिंदू बिरादरियों को एकजुट करने की कवायद में जुटी है। पंजाब के 94 शहरों में सक्रिय 77 से अधिक हिंदू बिरादरियों के प्रतिनिधियों से भाजपा ने संपर्क साधा है। हरियाणा के सीएम सैनी समेत पंजाब भाजपा के पदाधिकारियों ने चर्चा की है।
विज्ञापन
पंजाब भाजपा की रणनीति - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पंजाब के विधानसभा चुनाव में हिंदू वोटों के ध्रुवीकरण की कोशिशें तेज हो गई हैं क्योंकि सूबे में पंथक मतदाताओं की तरह हिंदू मतदाता भी सियासत में बड़ा निर्णायक फैक्टर माने जाते हैं। इसके लिए भाजपा ने हिंदू बिरादरियों को एकजुट करने की कवायद शुरू कर दी है। पार्टी ने सूबे के 94 शहरों में सक्रिय 77 से अधिक हिंदू बिरादरियों के प्रतिनिधियों से संपर्क साधा है।
विज्ञापन


पार्टी सूत्र बताते हैं कि हाल ही में इन सभी प्रतिनिधियों को चंडीगढ़ स्थित एक निजी होटल में आमंत्रित किया गया था। बैठक में पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेताओं समेत सनातनी सोच रखने वाले अन्य नेता भी मौजूद थे। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी इन प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए उन्हें एकजुट होने का आह्वान किया था। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारी भी बिरादरियों के प्रतिनिधियों से रूबरू हुए थे।
Trending Videos

सूबे में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आयोजित इस रणनीतिक बैठक में सभी संगठनों के प्रतिनिधियों से आह्वान किया गया कि सनातनी विचारधारा में विश्वास रखने वाले लोगों को एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा। संगठित होकर चलने से ही समाज आगे बढ़ सकेगा, अन्यथा बिखराव की स्थिति में सामूहिक हित प्रभावित होंगे।

वक्ताओं ने पंजाब में सकारात्मक बदलाव और नवनिर्माण की जरूरत पर जोर दिया। मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो सूबे को आने वाले समय में मुश्किल दौर से गुजरना पड़ सकता है। लिहाजा, सभी संगठनों को एक मंच पर एकत्र होना होगा।
 

बढ़ेगी हिंदू मतदाताओं की संख्या
हिंदू मतदाताओं को एकजुट कर भाजपा पंजाब की सियासत में अपना सामाजिक आधार मजबूत करना चाहती है। प्रदेश में करीब 38 फीसदी हिंदू आबादी है। यह आंकड़ा 2011 की जनगणना पर आधारित है। विधानसभा चुनाव से पहले संभवत: जनगणना पूरी हो जाएगी।

2026 के अंत तक हिंदू आबादी का आंकड़ा 40 फीसदी तक पहुंच सकता है। ऐसे में जिन विधानसभा क्षेत्रों में हिंदू मतदाता निर्णायक भूमिका में रहते हैं, वहां भाजपा जीत के लिए खासा जोर लगाएगी। इसी रणनीति के तहत पार्टी ने हिंदू बिरादरियों को अपने साथ जोड़ने की कवायद शुरू की है।

22 सीटों पर हिंदू मतदाताओं का प्रभाव
पंजाब की 117 विधानसभा सीटों में हिंदू मतदाताओं का प्रभाव मुख्य रूप से शहरी और अर्धशहरी क्षेत्रों में अधिक माना जाता है। करीब 22 सीटें ऐसी हैं, जहां हिंदू मतदाताओं का खासा प्रभाव है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में इनमें से 15 सीटें आप, पांच कांग्रेस और दो भाजपा ने जीती थीं।

दोआबा के जालंधर शहर, होशियारपुर, फगवाड़ा, मुकेरियां, दसूहा, माझा के पठानकोट, सुजानपुर, गुरदासपुर, अमृतसर शहर, बटाला और मालवा के लुधियाना शहर, अबोहर, फाजिल्का, फिरोजपुर शहर, पटियाला व राजपुरा समेत अन्य विधानसभा क्षेत्रों में हिंदू मतदाताओं का खासा प्रभाव है।

 

हिंदू मतदाताओं से संपर्क अभियान शुरू
भाजपा ने कुछ वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में हिंदू मतदाताओं से संपर्क अभियान तेज कर दिया है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़, विधायक अश्वनी शर्मा, महासचिव अनिल सरीन और विनीत जोशी जैसे नेताओं को हिंदू मतदाताओं से संपर्क की जिम्मेदारी दी गई है। संघ के पदाधिकारी भी इसी अभियान का हिस्सा हैं।
विज्ञापन

लुधियाना, जालंधर, अमृतसर, पठानकोट और गुरदासपुर जैसे शहरी क्षेत्रों पर विशेष फोकस किया जा रहा है। हालांकि, भाजपा की रणनीति केवल धार्मिक आधार पर लामबंदी तक सीमित नहीं है। पार्टी सिख, ओबीसी और दलित समुदायों में भी अपनी पैठ बनाने की कोशिश कर रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें