पंजाब की राजनीति में रविवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) की पूर्व अध्यक्ष एवं पंजाब की पूर्व कैबिनेट मंत्री बीबी जागीर कौर एक बार फिर शिरोमणि अकाली दल (बादल) में शामिल हो गईं। उन्होंने शिअद (पुनर सुरजीत) से अपना नाता तोड़ते हुए अकाली दल में वापसी की है।
कपूरथला जिले के भुलत्थ विधानसभा क्षेत्र के गांव बेगोवाल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पार्टी प्रधान सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में बीबी जागीर कौर ने अकाली दल का दामन थामा। इस मौके पर अकाली दल के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।
बीबी जागीर कौर की वापसी को दोआबा की राजनीति के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वह अकाली दल में पहले भी कई अहम जिम्मेदारियां निभा चुकी हैं। एसजीपीसी अध्यक्ष और पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में भी वह अपनी सेवाएं दे चुकी हैं।
2022 में पार्टी से किया गया था निष्कासित
गौरतलब है कि नवंबर 2022 में पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोपों के चलते बीबी जागीर कौर को शिरोमणि अकाली दल से निष्कासित कर दिया गया था। इसके बाद उन्होंने एसजीपीसी अध्यक्ष पद के चुनाव में पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार के खिलाफ चुनाव लड़ा था।
मार्च 2024 में उन्होंने दोबारा अकाली दल में वापसी की थी, लेकिन अगस्त 2025 में सुखबीर सिंह बादल के नेतृत्व को लेकर मतभेदों के चलते पार्टी से अलग होकर शिअद (पुनर सुरजीत) के साथ जुड़ गई थीं। अब एक बार फिर उनकी बादल दल में वापसी ने पंजाब की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है।
जागीर कौर की वापसी से अकाली दल को मिला बल: सुखबीर बादल
इस मौके पर सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि बीबी जागीर कौर के शिरोमणि अकाली दल (बादल) में शामिल होने से पार्टी को बहुत बल मिला है। उनकी वापसी से दोआबा क्षेत्र में अकाली दल और मजबूत होगा।
उन्होंने कहा कि कुछ कारणों से हम अलग हुए थे, लेकिन अब शिरोमणि अकाली दल को मजबूत करने के लिए दोबारा एकजुट हुए हैं। आज पंजाब को बचाने की जरूरत है। दिल्ली के लुटेरों ने पिछले 10 वर्षों में पंजाब को तबाह कर दिया है। प्रदेश में गुंडागर्दी और गैंगस्टरों का राज हो चुका है।