पत्नी बोली-50 लाख की मांगी थी फिरौती
मृतक सरपंच की पत्नी परवीन कुमारी ने आरोप लगाया कि उनके परिवार को पिछले कुछ समय से धमकियां मिल रही थीं। उनसे 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी जा रही थी और रकम नहीं देने पर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी जा रही थी। पत्नी के मुताबिक धमकियां किसी गैंग की ओर से दी जा रही थीं। उन्होंने इस संबंध में अपने पति से भी बात की थी, लेकिन उन्होंने ज्यादा जानकारी साझा नहीं की थी। पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि हत्या के पीछे फिरौती या किसी गैंग की धमकी का संबंध है या नहीं।
अस्पताल में परिजनों ने पुलिस को घेरा
हत्या की सूचना के बाद पट्टी सिविल अस्पताल में मृतक के परिजनों और समर्थकों में रोष फैल गया। परिजनों ने मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों को घेर लिया और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस अधिकारियों की गाड़ियों को भी आगे नहीं बढ़ने दिया गया।मौके पर पट्टी के डीएसपी रवि शेर सिंह, पट्टी सिटी थाना प्रभारी विपिन कुमार और थाना सदर प्रभारी गुरचरण सिंह सहित पुलिस टीम पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया।
सीसीटीवी से मिली हमलावरों की तस्वीर
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। फुटेज में बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक दिखाई दे रहे हैं, जिन्होंने चेहरे कपड़े से ढके हुए हैं। पुलिस ने दोनों की तस्वीरें जारी कर आम लोगों से उनकी पहचान और ठिकाने के बारे में जानकारी देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान को लेकर जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।