आप नेता दलजीत राजू की क्षतिग्रस्त कार।
- फोटो : संवाद
फगवाड़ा के खेड़ा रोड पर बुधवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब वहां आप आदमी पार्टी (आप) नेता पर हमला हो गया। आप बीसी विंग दोआबा जोन इंचार्ज दलजीत राजू पर कुछ अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। हमले में दलजीत राजू तो बच गए लेकिन उनकी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना बुधवार शाम लगभग सवा पांच बजे की है, जब दलजीत राजू अपने मित्र की दुकान पर पहुंचे थे। उनके गनमैन व गांव चक हकीम के सरपंच वरुण बंगड़ भी उनके साथ थे। उन्हें अपने मित्र की दुकान में बैठे केवल पांच से सात मिनट ही हुए थे कि हमलावर उनकी कार के शीशे तोड़ कर फरार हो गए। इस घटना से फगवाड़ा में एक फिर दहशत का माहौल बन गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी दलजीत राजू के गांव दरवेश पिंड स्थित घर पर गैंगस्टरों द्वारा फायरिंग की जा चुकी है। गैंगस्टरों की ओर से उन्हें तीन बार धमकियां भी मिल चुकी हैं। ऐसे में ताजा घटना को भी धमकी या दहशत फैलाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
सूचना मिलते ही फगवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है। फगवाड़ा की एसपी माधवी शर्मा, थाना सिटी की एसएचओ ऊषा रानी तथा ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज अमन देवेश्वर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए हैं और मामले की जांच के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं ताकि घटना के पीछे की असल वजह का पता लगाया जा सके।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह घटना किसी शरारती तत्व की हरकत है या फिर किसी साजिश के तहत अंजाम दी गई है। दलजीत राजू ने इसे लेकर कहा कि पुलिस यह की ढीली कार्यप्रणाली का नतीजा है कि पुलिस गैंगस्टरों को काबू करने में नाकाम रही है। लोगों में इस घटना के कारण दहशत का माहौल है कि यदि आम आदमी पार्टी की सरकार में उनका एक कद्दावर नेता ही सुरक्षित नहीं है तो लोग अपनी सुरक्षा के लिए किस की तरफ देखेंगे।