फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मोहाली में ईडी रेड पर भड़की आप: गमाडा दफ्तर के बाहर प्रदर्शन, गेट तोड़कर अंदर घुसे कार्यकर्ता; जबरदस्त हंगामा

Thu, 24 Sep 2026 11:43 AM IST
Nivedita संवाद न्यूज एजेंसी, मोहाली

सार

मोहाली में जीएमएडीए दफ्तर पर प्रवर्तन निदेशालय की छापेमारी कई दिनों से जारी है। आम आदमी पार्टी ने आज कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन किया। गमाडा कार्यालय में तैनात पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को कार्यालय परिसर के अंदर जाने से रोकने का प्रयास किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी।
विज्ञापन
गमाडा दफ्तर के बाहर आप का प्रदर्शन - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मोहाली में गमाडा कार्यालय में चल रही ईडी की कार्रवाई के तीसरे दिन आम आदमी पार्टी के समर्थकों और प्रतिनिधियों ने गमाडा कार्यालय का घेराव कर रोष प्रदर्शन किया।

विज्ञापन


बड़ी संख्या में आप समर्थक गमाडा कार्यालय के बाहर जुटे और केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आप समर्थक हाथों में बैनर लेकर पहुंचे जिस पर लिखा था 'जब-जब मोदी डरता है, ईडी को आगे करता है'। 

विज्ञापन


प्रदर्शन के दौरान गमाडा कार्यालय में तैनात पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को कार्यालय परिसर के अंदर जाने से रोकने का प्रयास किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय का गेट तोड़ दिया और इसके बाद बड़ी संख्या में अंदर प्रवेश कर गए।

प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए गमाडा मुख्यालय के अंदर पहुंचे और वहां भी रोष प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यालय परिसर में मौजूद ईडी अधिकारियों की कार्रवाई के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी।

आप समर्थकों का कहना था कि गमाडा कार्यालय में ईडी की लगातार तीसरे दिन चल रही कार्रवाई को लेकर सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। प्रदर्शन के चलते गमाडा कार्यालय के बाहर काफी देर तक माहौल गरमाया रहा। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराने और व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया।

बिट्टू बोले-ड्रामों से सच नहीं छिपता
आम आदमी पार्टी के ईडी टीमों के घेराव पर रवनीत बिट्टू ने कहा कि धरनों के ड्रामे से सच नहीं छिपता। यह तो वही बात हुई-उल्टा चोर कोतवाल को डांटे।

चीमा बोले- चुनाव करीब आते ही तेज हुईं छापेमारी
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने प्रदेश में ईडी की बढ़ती कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। चीमा ने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, पंजाब में ईडी की छापेमारी तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं और अधिकारियों के घरों पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि ये केवल छापे नहीं हैं, बल्कि केंद्रीय एजेंसियों के कथित दुरुपयोग पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। चीमा ने आरोप लगाया कि जब भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राजनीतिक चुनौती महसूस होती है, ईडी को आगे कर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि पंजाब डराने-धमकाने की राजनीति के आगे न पहले झुका है और न आगे झुकेगा।

विज्ञापन

डॉ. बलजीत कौर बोलीं-डरे हुए हैं भाजपाई
कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि पंजाब में चुनावों से पहले, कल से ईडी की टीमें अधिकारियों, आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के घरों पर छापेमारी कर रही हैं। भाजपा नेता डरे हुए हैं। उन्हें एहसास हो गया है कि अब देश की जनता उनसे नफरत करने लगी है। अब ईडी पंजाब में घर-घर जाकर ताले तोड़कर लोगों के घरों में घुस रही है। फिर भी उन्हें पंजाब सरकार या आप के खिलाफ कुछ नहीं मिल रहा है। पंजाब इस तरह की धमकी और मनमानी बर्दाश्त नहीं करेगा।

ताले तोड़कर घरों में घुस रही ईडी मगर कुछ नहीं मिल रहा:सिसोदिया
आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने केंद्र सरकार और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) पर तीखा हमला बोला है। सिसोदिया ने केंद्रीय एजेंसियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि वे स्वतंत्र एजेंसी की तरह काम करने के बजाय राजनीतिक इशारों पर लोगों में खौफ पैदा करने का जरिया बन चुकी हैं।
 
सिसोदिया ने आरोप लगाया कि ईडी की टीमें बिना वजह लोगों के घरों में ताले तोड़कर घुस रही हैं और आम नागरिकों व नेताओं को डराने का काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष को दबाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग अपने चरम पर पहुंच चुका है। 

पूर्व उपमुख्यमंत्री ने आगे कहा कि इस तमाम तरह की दबाव की राजनीति के बावजूद एजेंसियों को कहीं से कुछ हासिल नहीं हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि दर्जनों ठिकानों पर छापेमारी और छानबीन के बावजूद ईडी को हर जगह से खाली हाथ ही वापस लौटना पड़ रहा है। इस तरह की कार्रवाइयों से सच को दबाया नहीं जा सकता और जनता सब देख रही है कि किस तरह राजनीतिक फायदे के लिए संवैधानिक संस्थाओं की साख से खिलवाड़ किया जा रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें