सरहद पर गश्त कर रहे बीएसएफ के एक जवान ने खुद को अपनी सरकारी राइफल से गोली मारकर खुदकुशी कर ली। यह घटना मंगलवार रात करीब डेढ़ बजे ममदोट सेक्टर में बीएसएफ की पोस्ट मम्बोके पास घटी।
जवान के खुदकुशी की खबर सुनते ही बटालियन 143 के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। उधर, थाना ममदोट पुलिस ने बीएसएफ अधिकारियों की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार बीएसएफ जवान राम चंद्र पुत्र कर्मवीर सिंह वासी पानीपत, हरियाणा बुधवार की रात को बीओपी मम्बोके के पास अपने साथियों के साथ गश्त कर रहा था।
रात डेढ़ बजे उसने अपने साथियों को गश्त के दौरान आगे भेज दिया और पीछे रह कर अपनी सरकारी राइफल को गले के नीचे रख कर गोली मार ली। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। खुदकुशी की खबर सुनकर रात को ही बटालियन 143 के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए। राम चंद्र के खुदकुशी करने की वजह नहीं पता चली। बताया जा रहा है कि उसे बीएसएफ में नौकरी करते हुए तकरीबन 24 साल हो गए थे।