पाकिस्तान की तरफ से एक ड्रोन रविवार-सोमवार की रात करीब ढाई बजे तरनतारन के अमरकोट में घुस आया। बीओपी कालिया पर सीमा सुरक्षा बल की 103 बटालियन ने 33 राउंड फायरिंग की जिसके बाद ड्रोन वापस चला गया। पुलिस एवं सीमा सुरक्षा बल की संयुक्त टीम द्वारा सर्च ऑपरेशन जारी है। फिलहाल किसी प्रकार की कोई भी संदिग्ध चीज नहीं मिली है। दूसरी तरफ फाजिल्का सेक्टर में एक पाकिस्तानी नागरिक को पाक करेंसी के साथ गिरफ्तार किया गया है, उससे पूछताछ जारी है।
वहीं सीमा सुरक्षा बल ने सोमवार अलसुबह भारतीय सीमा में घुसपैठ कर रहे दो पाकिस्तानी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। एक घुसपैठिया फिरोजपुर और दूसरा फाजिल्का से सटी सरहद से पकड़ा गया है। फाजिल्का से पकड़े गए घुसपैठिए से 290 रुपये पाकिस्तानी करेंसी भी बरामद की गई है। दोनों घुसपैठियों से बीएसएफ व खुफिया एजेंसियां गहन पूछताछ करने में जुटी हैं।
सीमा सुरक्षा बल के वरिष्ठ प्रवक्ता ने बताया कि तरनतारन की बीओपी कालिया में 103 बटालियन सरहद पर गश्त दे रही थी। रविवार-सोमवार की रात करीब 2:25 पर पाकिस्तान की तरफ से भारतीय क्षेत्र में एक आहट सुनाई दी। ध्यान से देखने पर आसमान में ड्रोन दिखाई दिया। टीम ने मुस्तैद होते हुए 33 राउंड और 4 इलू बम दागे और ड्रोन को वहां से खदेड़ दिया। सोमवार सुबह से पुलिस एवं सीमा सुरक्षा बल की संयुक्त टीम का सर्च ऑपरेशन जारी है। किसी प्रकार से अब तक कोई संदिग्ध चीज हासिल होने की बात सामने नहीं आई है।