सूबे के सिनेमा घरों में 23 नवंबर से दो दिन के लिए डेरा सिरसा मुखी गुरमीत राम रहीम सिंह की फिल्म एमएसजी-2 मुफ्त दिखाई जाएगी।
डेरा सिरसा प्रेमी अजीत सिंह ने बताया कि इस फिल्म के शो 22 नवंबर को पूरे राज्य के सिनेमाघरों में रात को 12.00 बजे से शुरू हो जाएंगे, जो 24 नवंबर को रात को 12 बजे तक लगातार चलेंगे।
फिल्म के लिए किसी भी व्यक्ति से टिकट नहीं ली जाएगी। एक व्यक्ति अपने पूरे परिवार या सैकड़ों व्यक्तियों को फिल्म दिखाने के लिए ले जा सकता है।
न्यू पैलेस सिनेमा के मालिक अनिल बंसल ने बताया कि एमएसजी-2 के शो 48 घंटे लगातार चलेंगे जो उनके सिनेमा घर से लेकर राज्य के तमाम सिनेमा घरों में मुफ्त दिखाए जाएंगे। फिल्म दिखाने की पेमेंट डेरा सिरसा के सभी जिला भंगीदास करेंगे।
वहीं, अकाली दल के कुछ नेताओं ने इसे साजिश करार दिया है क्योंकि शिरोमणि अकाली दल ने 23 नवंबर को बठिंडा में पार्टी की सद्भावना रैली करनी है।
अकाली नेता जगसीर सिंह चौहान, सुखपाल सिंह, मदन लाल का कहना है कि डेरा मुखी की इस फिल्म को डेरे के श्रद्धालु तो पहले ही देख चुके हैं। शिअद की सोमवार को बठिंडा में बड़ी रैली है।
उसमें लोगों को इकट्ठा होने से रोकने के लिए आम लोगों को मुफ्त में फिल्म दिखाने का लालच दिया जा रहा है। उन्होंने इस कदम को अकाली दल की रैली को फीका करने की साजिश करार दिया।
वहीं, डेरा सिरसा प्रेमियों का कहना है कि ये दो दिन पहले ही तय कर लिए गए थे। इसमें किसी तरह की कोई साजिश नहीं है।