आठ करोड़ की लागत से बन रही बरनाला-मानसा मुख्य सड़क बनते-बनते ही टूटनी शुरू हो गई है।
हरियाणा की गाबड़ कंस्ट्रक्शन कंपनी की ओर से कचहरी चौक से लेकर बरनाला की हद मानसा तक आठ करोड़ की लागत से सड़क बनाई जा रही है जो बनते-बनते ही टूटनी शुरू हो गई है।
गाबड़ कंस्ट्रक्शन कंपनी के अधिकारी विजय कुमार व लोक निर्माण विभाग के एसडीओ नवीन कुमार का कहना है कि नियम व शर्तों के अनुसार ही सड़क बनाई जा रही है।
जिला एडवाइजरी कमेटी के सदस्य नरेंद्र गर्ग नीटा का कहना है कि 18 फीसदी घाटे पर सड़क का ठेका लेने का यह मतलब नहीं कि अपना घाटा पूरा करने के लिए घटिया सामग्री इस्तेमाल की जाए।
बरनाला निवासी सुरजीत सिंह, जीत सिंह फौजी, अमरजीत सिंह, रमन कुमार लाडी, विजय कुमार का कहना है कि पहले तो शहर की तमाम सडकों का नवीनीकरण करने की बजाय पैचवर्क कर दिया गया जो एक माह में ही उखड़ गया है।
सड़कों पर बने बडे़-बडे़ गड्ढे हादसों का कारण बन रहे हैं। उन्होंने घटिया सामग्री प्रयोग करने के आरोप लगाए जबकि इसका सख्त नोटिस लेते हुए व्यापार मंडल के अध्यक्ष ललित गर्ग ने कहा कि लोक निर्माण विभाग की ओर से करवाए तमाम कार्यों की किसी प्राइवेट इंजीनियर कंपनी या विजिलेंस से उच्चस्तरीय जांच करवाई जाए।
नगर काउंसिल के अध्यक्ष संजीव कुमार मंटी शोरी का कहना है कि संबंधित ठेकेदार को दोबारा पैचवर्क करने की हिदायत दी गई है।