आम आदमी पार्टी के पंजाब मामलों के प्रभारी संजय सिंह ने कहा कि विदेश नीति पर केंद्र की मोदी सरकार बिलकुल फेल हो चुकी है।
इसका फायदा उठाते हुए पाकिस्तान भारत में आतंकी हमले करवा रहा है। संजय सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चोरी चोरी पाकिस्तान के प्रधानमंत्री को मिलने पहुंच जाते हैं, जो देश के लोगों के साथ धोखा है।
उन्होंने कहा कि पठानकोट हमले में आतंकियों के साथ ड्रग माफिया और कुछ राजनीतिक नेता मिले हैं। उन्होंने मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
संजय सिंह ने एसपी सलविंदर सिंह पर संदेह जताते कई तरह के गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सूबे में अकाली दल से जुडे़ ज्यादातर नेता ड्रग माफिया के तौर पर काम कर रहे हैं।
इसमें बिक्रम सिंह मजीठिया का नाम भी शामिल है। संजय सिंह ने कहा कि माघी मेले के मौके मुक्तसर में होने वाली राजनीतिक कान्फ्रेंस में आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पहुंच रहे हैं।
उसी दिन से 2017 को पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए बिगुल बजा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनकी यह कान्फ्रेंस सबसे महत्वपूर्ण होगी।
सिंह ने दावा करते कहा कि प्रदेश के लोग अकाली-भाजपा और कांग्रेस से छुटकारा चाहते हैं। इसके चलते उक्त कान्फ्रेंस वाले दिन रिकॉर्ड तोड़ भीड़ इकट्ठी होगी।
आम आदमी पार्टी में सिद्धू दंपति और मनप्रीत बादल के आने संबंधी पूछे गए सवाल पर सिंह ने कहा कि हमख्याली नेताओं का पार्टी में स्वागत किया जाएगा। इस मौके पर उनके साथ दुरगेश पाठक, आप की प्रदेश महिला विंग की नेता बलजिंदर कौर, हरमिलाप ग्रेवाल, रोमी भाटी के अलावा अन्य नेता उपस्थित थे।