राज्य के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी को बठिंडा सीट से चुनाव लड़ने की चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि अगर राहुल खुद को सधा हुआ नेता मानते हैं तो वे इस सीट से खुद चुनाव लड़कर दिखाएं।
वे मंगलवार को यहां के सरकारी कॉलेज में आयोजित संगत दर्शन कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों के साथ बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के बठिंडा सीट से चुनाव लड़ने के कयासों पर कहा कि केंद्र की कांग्रेस सरकार बठिंडा सीट से राज्य के किसी नेता या स्थानीय कांग्रेसी को चुनाव मैदान में उतारने की बजाए खुद राहुल गांधी को चुनाव मैदान में उतारें और देख लें कि शिअद-भाजपा गठबंधन इसके बावजूद कैसे चुनाव जीतती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गठबंधन को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि बठिंडा सीट से कांग्रेस की तरफ से कौन चुनाव लड़ेगा, क्योंकि यह सीट गठबंधन ही जीतेगी। चाहे चुनाव मैदान में कोई भी नेता जोर लगा ले, गठबंधन आगामी चुनाव को लेकर पूरी तरह से तैयार है और चुनाव में कांग्रेस का सफाया तय है।
श्री बादल ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष प्रताप सिंह बाजवा द्वारा उद्योगों के बंद होने संबंधी दिए बयान को झूठा करार दिया। कहा कि बाजवा ऐसे बयान देकर राज्य के लोगों को गुमराह कर रहे हैं। बाजवा को ऐसे आधारहीन बयान देने की आदत पड़ चुकी है, मगर राज्य के लोग उनकी बातों में नहीं आएंगे। पूर्व मुख्यमंत्री सुरजीत सिंह बरनाला के नेतृत्व वाले शिअद (लोंगोवाल) के साथ शिअद (बादल) के गठबंधन संबंधी बातों पर अनभिज्ञता जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री ने इस पर टिप्पणी करने से इंकार कर दिया।
फिलपाइन में पंजाबियों के हो रहे कत्लों संबंधी पूछे जाने पर मुख्यमंत्री बादल ने कहा कि केंद्र सरकार को यह मुद्दा फिलपाइन के पास उठाना चाहिए। केंद्र की जिम्मेदारी बनती है कि वह विदेशों में रह रहे पंजाबियों की रक्षा के लिए आवश्यक कार्रवाई करे। शिक्षा मंत्री सिकंदर सिंह मलूका द्वारा सरकारी स्कूलों में सिर्फ महिला स्टाफ लगाने संबंधी पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वह इस मामले में शीघ्र ही शिक्षा मंत्री से बात करेंगे।
28 करोड़ की लागत से बनने वाले ओवरब्रिज का निर्माण शुरू
मुक्तसर। मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कहा कि शहर के जलालाबाद रोड पर 28 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा।
इससे रोड पर जाम की समस्या से लोगों को निजात मिलेगी। कहा कि सरकार अगले पखवाड़े से राज्य को सेम मुक्त करने के लिए बनाए प्रॉजेक्ट को बाकायदा शुरू करने जा रही है। राज्य सरकार ने सेम के खात्मे के लिए 3,277 करोड़ रुपये का मास्टर प्लॉन तैयार किया है।
इसके तहत राज्य के पश्चिमी जिलों मुक्तसर, फरीदकोट, फाजिल्का तथा फिरोजपुर में सेम के खात्मे के लिए प्रथम फेज में 453 करोड़ रुपये खर्चे जाएंगे। इसमें से 125 करोड़ रुपये सेमनालों की सफाई, नए नालों के निर्माण तथा छोटे पुल बनाने पर खर्च आएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर में जहां सीवरेज डाला जा चुका है। वहां सड़कें बनाने के लिए सरकार ने 4.5 करोड़ रुपये भेजे हैं।