रोजगार की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे शहीद किरणजीत कौर एक्शन कमेटी के बैनर तले ईजीएस और एआईई (ईटीटी) अध्यापक यूनियन पंजाब के कार्यकर्ता 63 घंटे बीत जाने के बाद भी टंकी पर डटे हुए है।
इस दौरान जब मंगलवार शाम तकरीबन पांच बजे डॉक्टर टंकी पर बैठी एक कार्यकर्ता को बीमार होने पर चेक करने टंकी पर गए, तो उनके टंकी के नीचे बैठे साथियों ने पंजाब सरकार का पुतला फूंक कर सड़क जाम कर दी। बीमार कार्यकर्ता को हालत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
बेरोजगार अध्यापकों ने रोष में आकर सड़क जाम कर दी। इस पर पुलिस ने उन पर लाठी चार्ज कर दिया। जिसके चलते उनके कुछ साथी मौके से भाग गए और तकरीबन एक दर्जन के करीब साथी टंकी की सीढ़ियों पर चढ़ गए और टंकी के नीचे लगा दरवाजा अंदर से बंद कर दिया।
पुलिस के काफी मशक्कत करने के बावजूद भी उन्होंने दरवाजा नहीं खोला। लाठीचार्ज के दौरान उनके दर्जन के करीब कार्यकर्ताओं को पुलिस ने काबू कर विभिन्न थानों में बंद कर दिया।
यूनियन नेताओं ने कहा कि वे अपनी मांग पूरी होने तक किसी भी सूरत में टंकी से नीचे नहीं उतरेंगे और संघर्ष को मुकाम तक ले जाने के लिए और तेज किया जाएगा। डीएसपी सिटी गुरमीत सिंह कींगरा ने बताया कि सड़क जाम करने वाले दर्जन के नजदीक प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया है।
उन्होंने कहा कि कानून से किसी को भी खिलवाड़ सहन नहीं किया जाएगा। जिला प्रशासन अपने मौके पर मौजूद कर्मचारियों और सूत्रों से पलपल की जानकारी जुटा रहे है। प्रदर्शनकारियों को पूर्व कांग्रेस मंत्री और राज्य के महासचिव हरमंदर सिंह जस्सी की ओर से प्रदर्शनकारी बेरोजगार अध्यापकों को समय समय पर खाने पीना मुहैया करवाया जा रहा है।