पंजाब प्रदेश पल्लेदार यूनियन ने सोमवार को अपने किए गए काम की मजदूरी का भुगतान न किए जाने की वजह से रोष स्वरूप शहर में मार्च किया।
इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने जिला कचहरी में धरना दिया। बाद में डीसी भुपिंदर सिंह राय को मांगपत्र सौंपा। यूनियन के प्रांतीय कनवीनर गुरदेव सिंह मानसा और पूर्व प्रांतीय प्रधान सुखदेव सिंह बुढ़लाडा ने बताया कि अगस्त 2015 में नीले कार्ड धारकों को दिए गए गेहूं की लदाई, 2015-16 में धान के स्टाक, बारदाना लोडिंग-अन लोडिंग की अदायगी पल्लेदारों को अभी तक नहीं की गई।
इस बारे में कई बार फूड एजेंसियों के मैनेजरों से मिलकर उनको भी अवगत करवाया गया है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इस से पहले उपायुक्त को भी अवगत कराया गया, लेकिन किसी भी अधिकारी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 9 जनवरी तक अदायगी न की गई तो संघर्ष और तेज किया जाएगा। इस मौके पर जिला प्रधान दर्शन सिंह, प्रांतीय समिति मेंबर निर्मल दास बुढ़लाडा, छिंदर पाल सिंह सरदूलगढ़, दर्शन सिंह बरेटा, मिता सिंह भीखी, जगतार सिंह, बहादर सिंह, बुल्लू सिंह, अजायब सिंह, हरदेव सिंह मौजूद थे।