गांव होडलाकलां में कुछ दिन पहले एक दलित महिला से उसके घर में आकर एक कांग्रेसी नेता की ओर से की गई कथित मारपीट के मामले में पुलिस की ओर से दर्ज किए केस में पक्षपात का आरोप लगाया गया है।
उक्त महिला को इंसाफ दिलाने के लिए सोमवार को गांव में मजदूर मुक्ति मोर्चा की ओर से ललकार रैली की गई है। उन्होंने पुलिस पर उक्त नेता पर मामूली धाराएं लगाने का आरोप लगाया है।
मजदूर नेता भगवंत सिंह समाओ ने कहा कि उक्त कांग्रेस नेता ने एक दलित महिला के साथ उसके घर में आकर मारपीट की और जातिसूचक शब्द भी बोले।
उन्होंने कहा कि इस मामले में पुलिस प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई न करना दलित लोगों के प्रति भेदभाव रखने की मानसिकता को दर्शाता है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मंगलवार तक कथित आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो 6 जनवरी को थाना भीखी का घेराव किया जाएगा।
रैली की सूचना पाकर डीएसपी रूपिंदर भारद्वाज मौके पर पहुंचे। उन्होंने इसकी निंदा करते मजदूर वर्ग को जल्द उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। इस दौरान निक्का सिंह, मेला सिंह मोहर सिंह वाला, कुलवंत सिंह, राजिंदर सिंह भीखी और सुखदेव सिंह व बिल्लू सिंह मौजूद थे।